BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

आज से IPL के 18वें सीजन का आगाज: केकेआर और आरसीबी के बीच होगा पहला मुकाबला, कोलकाता में भारी बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

केकेआर और आरसीबी के बीच यह मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.00 बजे होगा। मैच के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है…

 

कोलकाता (ए)। आईपीएल के 18वें सत्र की शुरुआत होने जा रही है और शनिवार को इसका रंगारंग आगाज हो जाएगा। आईपीएल 2025 का आगाज गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। यह मैच कोलकाता के ईडेन गार्डेंस स्टेडियम पर खेला जाएगा। मैच से पहले हालांकि उद्घाटन समारोह आयोजित होगा जिसमें बॉलीवुड के कुछ सितारे अपना जलवा बिखेरेंगे।

केकेआर की कप्तानी इस बार अजिंक्य रहाणे करेंगे, जबकि आरसीबी की कमान इस बार रजत पाटीदार के हाथों में है। केकेआर ने पिछले सीजन फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर खिताब अपने नाम किया था। रहाणे के सामने खिताब को बरकरार रखने की चुनौती होगी, जबकि पाटीदार के पास वो काम करने का मौका है जो अब तक उनसे पहले आरसीबी का कोई कप्तान नहीं कर सका है। बेंगलुरु की टीम ने कभी भी आईपीएल नहीं जीता है और पाटीदार के सामने फ्रेंचाइजी को पहले खिताबी जीत दिलाने का मौका रहेगा। केकेआर और आरसीबी के बीच यह मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.00 बजे होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को कोलकाता में बारिश की संभावना जताई है। यहां तक कि आज 22 मार्च को ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को कोलकाता में बारिश होने की संभावना 74 प्रतिशत है, जबकि पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। शाम होते-होते बारिश की संभावना 90 प्रतिशत है। अगर बारिश हुई तो आईपीएल 2025 के पहले मैच में खलल पड़ सकता है। केकेआर और आरसीबी के बीच मैच का नतीजा निकल पाएगा इसे लेकर कुछ भी कहना कठिन है। वहीं, शाम के समय उद्घाटन समारोह भी होना है, लेकिन बारिश हुई तो इसमें भी व्यवधान पड़ सकता है।

आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह कब शुरू होगा?
आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह 22 मार्च शनिवार को भारतीय समयानुसार शाम 6.00 बजे से शुरू होगा।

आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह कहां आयोजित होगा?
आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर आयोजित होगा।

आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह के लिए टिकट कहां उपलब्ध होगी?
आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह के लिए अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं है। जिन लोगों के पास केकेआर और आरसीबी के बीच होने वाले आईपीएल 2025 के पहले मैच की टिकट होगी वो इस कार्यक्रम का आनंद उठा सकेंगे।

आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह में कौन-कौन शामिल होगा?
आईपीएल 2025 के उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर गायिका श्रेया घोषाल, पंजाबी गायक करण औजला और बॉलीवुड की अभिनेत्री दिशा पाटनी शामिल होंगी और प्रस्तुति देंगी।

आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
आईपीएल 2025 का उद्घाटन समारोह स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।

Related Posts