BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, शीघ्र निराकरण करने अधिकारियों को दिए निर्देश

रायपुर। जिलेवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आज कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्टोरेट परिसर के रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में जनदर्शन के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर डॉ. सिंह ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

आरबीसी 6-4 के तहत कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंजूर की मुआवजा राशि: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने आपदा और दुर्घटनाओं के मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की है। आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर प्रभावित परिवारों को समय से पहले सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

इसी कड़ी में, जिले में हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में जान गंवाने वाले चार नागरिकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

बीरगांव निवासी जानकी वर्मा, ग्राम गोमची, धरसींवा के श्रेयांश सिदार, ग्राम गनौद, मंदिर हसौद के प्रवीण यादव (पानी में डूबने से मृत्यु) और ग्राम उल्बा, अभनपुर की ममता बाई (सर्पदंश से मृत्यु) के परिजनों को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर मुआवजा राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है।राज्य सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने की इस पहल से संकटग्रस्त परिजनों को आर्थिक संबल मिलेगा।

अनूपा के सपनों का घर अब होगा साकार: आरंग ब्लॉक की अनूपा यादव का सपना था कि जल्द से जल्द अपना घर पूरा कर सके। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त मिलने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन दूसरी किस्त समय पर न मिलने से उनका काम रुक गया। गांव के अन्य लाभार्थियों को राशि मिल चुकी थी, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई।

समस्या का समाधान पाने के लिए उन्होंने जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर में शिकायत दर्ज कराई, जो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू किया गया है। कॉल सेंटर में शिकायत दर्ज होते ही प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता से लिया और जल्द ही अनूपा के खाते में राशि जमा कर दी गई।

अब अनूपा अपने घर के निर्माण कार्य को बिना किसी रुकावट के पूरा कर पाएगी। उन्होंने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह का आभार व्यक्त किया और प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर से आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान अब एक कॉल पर ही संभव हो रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन तथा कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर कलेक्टोरेट में 22 जुलाई 2024 से जनसमस्या निवारण कॉल सेंटर की शुरूआत की गई है। यहां रोजाना औसतन 15 से 20 समस्याएं तथा शिकायतें दर्ज की जाती है, जिसमें लगभग 40 से 50 प्रतिशत समस्याओं का 24 घंटों के भीतर समाधान कर दिया जाता है। कॉल सेंटर में मोबाइल नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584, 9977222594 पर 24 घंटे कॉल कर आमजन अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

Related Posts