भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों तथा टाउनशिप की समस्याओं के निराकरण की अब नए सिरे से उम्मीद बंधी है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड की चेयरमैन सोमा मंडल से मुलाकात की तथा यहां टाउनशिप की विभिन्न समस्याओं पर उनसे चर्चा की तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों की कतिपय समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
दिल्ली से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग सांसद विजय बघेल ने सेल चैयरमैन सोमा मंडल से दिल्ली इस्पात भवन में स्थित उनके कार्यालय में बुधवार को दोपहर में जाकर मुलाक़ात की। इस दौरान सांसद श्री बघेल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के वेज रिवीजन की प्रगति के बारे में भी चर्चा की तथा इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी ली।
सेल चेयरमैन से चर्चा के दौरान सांसद श्री बघेल ने धार्मिक संस्थाओ, सामाजिक संस्थाओ और व्यापारियों को आवंटित स्थानों के लीज़ का नवीनीकरण किए जाने पर उसके शुल्क की राशि में कई गुना वृद्धि कर दिए जाने की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया तथा इस संबंध में शासकीय नियमानुसार नवीनीकरण करने को कहा।














