BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़: 15 की मौत, 12 से अधिक घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के कारण शनिवार रात पहले अफरा-तफरी जैसे हालात दिखे। इसके बाद अचानक मची भगदड़ में 15 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद रेलवे ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिये हैं। मौके पर एनडीआरएफ की टीम को भी भेजा गया। दर्दनाक हादसे पर पीएम मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल, कार्यवाहक सीएम आतिशी समेत कई लोगों ने शोक जताया है…

 

 

 

नईदिल्ली (ए)। नईदिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई है। 12 लोग घायल हो गए हैं। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रेल सुरक्षा बल के DG घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

एलएनजेपी अस्पताल में कुल 15 लोगों की मौत हुई है। इसमें 11 महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। कुछ लोगों को लेडी हार्डिंग अस्पताल में लाया गया है। बैरिकेड लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। किसी को भी लोकनायक अस्पताल के तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर हुई। कॉल रात 21:55-21:56 बजे मिली। मौके पर कुल चार दमकल गाड़ियां भेजी गईं।

डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा कि हमें भीड़ की उम्मीद थी, लेकिन यह सब कुछ ही समय में हो गया और इसलिए यह स्थिति पैदा हुई। तथ्य-खोज रेलवे द्वारा की जाएगी। पूछताछ के बाद हमें घटना के पीछे का कारण पता चलेगा।

लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुरेश कुमार का कहना है कि अभी अस्पताल में 12 लोगों का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। वही एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में आए 15 शवों के पोस्टमार्टम कल होंगे। उन्हें पुलिस के तरफ से बताया गया है कि 9 शव के पोस्टमार्टम लोकनायक में होने हैं और 6 शव के पोस्टमार्टम राम मनोहर लोहिया अस्पताल में होंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पूरी टीम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए काम कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। एक ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।

दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने एक ट्वीट में कहा- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त से बात की है और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए कहा है। सीएस को राहत कर्मियों को तैनात करने के लिए कहा गया है। सीएस और सीपी को साइट पर रहने और राहत उपायों पर नियंत्रण रखने का निर्देश दिया है। मैं लगातार कार्यों की निगरानी कर रहा हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को हृदयविदारक बताया है। एक ट्वीट में सीएम ने कहा-नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी का कहना है कि जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। यह एक दुखद घटना है। दो विधायक यहां हैं। मैंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि अगर किसी पीड़ित परिवार को किसी तरह की मदद की जरूरत है तो हमारे विधायकों को बताएं। 4-5 मरीजों को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। एलएनजेपी अस्पताल में 15 लोगों को मृत लाया गया था और इतनी ही संख्या में घायल भी यहां भर्ती हैं। दो शवों की पहचान अभी तक नहीं हुई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी और अन्य संबंधित अधिकारियों से बात की। दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की और सभी को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए। मैं इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव इलाज दिया जा रहा है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चौंकाने वाली घटना। भगदड़ में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना।

Related Posts