BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

वाशिंगटन में पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत, अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से की मुलाकात

डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद ये पहला मौका है, पीएम मोदी अमेरिका की यात्रा पर पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के बीच आज पहली द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है…

 

नईदिल्ली (ए)। अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सुश्री गबार्ड के साथ अपनी पिछली मुलाकातों को याद किया। द्विपक्षीय खुफिया सहयोग बढ़ाने, विशेष रूप से आतंकवाद-रोधी, साइबर सुरक्षा, उभरते खतरों और रणनीतिक खुफिया जानकारी साझा करने पर दोनों के बीच खास चर्चा हुई। उन्होंने आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया तथा सुरक्षित, स्थिर और नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

पीएम मोदी ने गुरुवार तड़के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह ट्रंप के साथ अपनी बातचीत और द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, “थोड़ी देर पहले वाशिंगटन डीसी में उतरा हूं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने और भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। ”हमारे देश अपने लोगों के लाभ और हमारी दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे”।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाशिंगटन डी.सी., अमरीका की आधिकारिक कामकाजी यात्रा पर पहुंचे। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमरीकी कैबिनेट के सदस्यों और उद्योग जगत के नेताओं से मिलेंगे।”

ब्लेयर हाउस में रह रहे पीएम मोदी पिछले महीने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद से इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला के बाद उनसे मिलने वाले चौथे विदेशी नेता होंगे। बुधवार शाम को प्रधानमंत्री के यहां पहुंचने पर ब्लेयर हाउस के पास बड़ी संख्या में एकत्र हुए प्रवासी भारतीयों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट किया। ये पोस्ट पीएम से मुलाकात के कुछ समय पहले किया गया है। भारतीय समयानुसार ये पोस्ट डोनाल्ड ट्रंप ने शाम 5.16 बजे की है।

डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट में कहा कि तीन महान सप्ताह, शायद अब तक के सबसे अच्छे, लेकिन आज सबसे बड़ा सप्ताह है: पारस्परिक टैरिफ!!! अमेरिका को फिर से महान बनाओ!!! इसी के साथ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि कल रूस और यूक्रेन के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। उस भयानक, बहुत खूनी युद्ध को समाप्त करने की अच्छी संभावना!!!

पोस्ट के सामने आने के बाद माना जा रहा है ट्रंप का भारत के पीएम के साथ बातचीत का अधिकांश हिस्सा आयात शुल्क पर केंद्रित होगा। इस पोस्ट में व्यापार शुल्क को हथियार बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के निरंतर शौक को रेखांकित किया।

वाशिंगटन में मौजूद भारतीयों के चेहरे पीएम मोदी से मिलकर खुशी से खिल उठे. पीएम मोदी का वहां पर भव्य स्वागत किया गया. कड़कड़ाती ठंड और बर्फबारी के बीच भारतीय मूल के लोग पहले से ही उनके स्वागत में वहां खड़े हुए थे. ये सभी लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने को बेताब नजर आ रहे थे।

राष्ट्रपति गेस्ट हाउस के बाहर हाथों में पीएम मोदी के स्वागत वाली तख्तियां लेकर भारतीय समुदाय के लोग उनके दीदार के लिए बेताब नजर आए. जैसे ही भारतीय पीएम वहां पहुंचे लोग खुशी से झूम उठे. इस दौरान पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया. वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस खास पल को अपने कैमरे में कैद क लिया।

अमेरिका में हुए भव्य स्वागत के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर उन सभी भारतीयों का धन्यवाद अदा किया, जो सर्दी के मौसम में गर्मजोशी से उनका स्वागत करने के लिए गेस्ट हाउस के बाहर खड़े हुए थे. पीएम ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि ठंड के मौसम के बावजूद, वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही विशेष स्वागत किया. मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।

Related Posts