आदेश में सचिवालय के दस्तावेजों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का जिक्र करते हुए कहा गया है कि विभाग की अनुमति के बिना कोई भी फाइल, दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर आदि दिल्ली सचिवालय परिसर के बाहर नहीं ले जाया जा सकता है…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने फाइलों को सुरक्षित करने का आदेश जारी कर दिया। अंदेशा लगाया जा रहा था कि सत्ता परिवर्तन के बाद काफी रिकाॅर्ड को इधर-उधर किया जा सकता है।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर शनिवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने एक आदेश जारी किया। इसमें सभी विभागों, एजेंसियों और मंत्रिपरिषद के कैंप कार्यालयों को विभाग की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी रिकॉर्ड या फाइल न हटाने का आदेश दिया है।
जीएडी ने यह आदेश विभिन्न विभाग प्रमुखों और प्रभारियों को जारी किया है। इसमें कहा गया है कि किसी भी फाइल, दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर सहित अन्य को बिना पूर्व अनुमति के दिल्ली सचिवालय परिसर से बाहर नहीं ले जाया जा सकता है।
सत्ता परिवर्तन होते ही दिल्ली सचिवालय सील होने की अफवाह फैल गई। कहा जाने लगा कि नई सरकार के आदेश पर सचिवालय को सील किया जा रहा है, जबकि दिल्ली सरकार ने सूचना जारी कर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। दिल्ली सचिवालय को सील नहीं किया जा रहा है।
















