इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 47.4 ओवर में 248 रन बनाए। जवाब में भारत ने 38.4 ओवर में छह विकेट पर 251 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया…
नागपुर (ए)। भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। इससे पहले टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। गुरुवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 47.4 ओवर में 248 रन बनाए। जवाब में भारत ने 38.4 ओवर में छह विकेट पर 251 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। वनडे विश्व कप 2023 के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने आठ में से सात वनडे मैच गंवाए हैं। अब टीम इंडिया की नजर दूसरे वनडे में जीत के साथ अजेय बढ़त बनाने पर होगी। यह मुकाबला कटक में नौ फरवरी को खेला जाएगा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। यशस्वी जायसवाल (15) और रोहित शर्मा (02) 19 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद मोर्चा शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 94 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस ने अपने वनडे करियर का 19वां पचासा किया। इसके लिए उन्होंने 30 गेंदें खेलीं। इस प्रारूप में यह उनके बल्ले से निकली दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।















