13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 39 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं. प्रशासन के अनुसार, वीआईपी मूवमेंट के बावजूद श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो रही है…
प्रयागराज (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संगम के त्रिवेणी घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने रुद्राक्ष लेकर मंत्रोच्चारण भी किया। पीएम मोदी सुरक्षा घेरे में थे और उन्होंने अकेले ही स्नान किया, कोई गणमान्य व्यक्ति उनके साथ नहीं था। प्रयागराज पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने किया। संगम क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है।
महाकुंभ स्नान के दौरान पीएम मोदी भगवा वस्त्र पहने हुए दिखाई दिए। गंगा में पवित्र डूबकी लगाने के बाद उन्होंने भगवान भास्कर को अर्घ्य भी दिया। तकरीबन 5 मिनट तक पीएम मोदी ने मंत्र का जाप करते हुए सूर्य पूजा की। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें घेरे रहे।
उन्होंने मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य सरस्वती का विधिवत पूजन कर पूरी दुनिया को एकता और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पीएम ने पूरी श्रद्धा के साथ स्नान किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. इसके बाद उन्होंने मां गंगा की आरती की और संगम में अक्षत, पुष्प और फल अर्पित किए।
पीएम मोदी का संगम स्नान बेहद खास दिन पर हुआ. हिंदू पंचांग के अनुसार, यह दिन भीष्माष्टमी का था, जो गुप्त नवरात्रि के दौरान आता है. इस दिन देवी पूजन और पूर्वजों के तर्पण का विशेष महत्व होता है. इसी शुभ संयोग में पीएम मोदी ने पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
पीएम मोदी के आगमन के बावजूद संगम घाट पर स्नान जारी रहा. प्रशासन ने किसी भी श्रद्धालु को स्नान से नहीं रोका. पीएम मोदी ने भी अन्य श्रद्धालुओं की तरह त्रिवेणी संगम में स्नान किया, जिससे घाट पर “हर-हर गंगे” और “मोदी-मोदी” के जयकारे गूंज उठे।
प्रधानमंत्री मोदी संगम तक बोट में बैठकर पहुंचे, उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। दोनों एक-दूसरे के सामने बैठे दिखे। दोनों नेता मोटर बोट में बातचीत करते हुए संगम तक पहुंचे।
वहीं, पीएम मोदी के दौरे के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका खास ख्याल रखा गया। बमरौली एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से अरैल पहुंचे। वहां से बोट से मेला क्षेत्र गए। पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए मेले की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हैं। मजिस्ट्रेट एवं भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
महाकुंभ शुरू होने के बाद पीएम मोदी का यह पहला प्रयागराज दौरा है। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर 2024 को प्रयागराज का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 के कुंभ में गंगा स्नान कर सफाईकर्मियों के पांव पखारे थे।
महाकुंभ में लगातार श्रद्धालुओं का स्नान जारी है। बसंत पंचमी पर पूरे देश से लोग आए और यहां पर आस्था की डुबकी लगाई। आज बुधवार को सुबह 8 बजे तक 3.748 मिलियन से ज़्यादा श्रद्धालु गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। इसमें 10 लाख से ज़्यादा कल्पवासी और 2.748 मिलियन तीर्थयात्री शामिल हैं जो सुबह-सुबह ही ईश्वर का आशीर्वाद लेने के लिए पहुँच गए थे।
महाकुंभ 2025, 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा के पावन दिन से शुरू हुआ। यह दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है, जिसमें दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं। आयोजन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा।

















