फाइनल में भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया। भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका की टीम को 20 ओवर में 82 रन पर समेट दिया। इसके बाद गोंगाड़ी त्रिसा की विस्फोटक पारी की बदौलत टीम इंडिया ने नौ विकेट से जीत दर्ज की…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2023 में हुई थी और पहले ही संस्करण में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। तब टीम इंडिया की कप्तान शेफाली वर्मा रही थीं। अब दो साल बाद टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में निकी प्रसाद की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 82 रन पर सिमट गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने 11.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की सीनियर और जूनियर महिला टीमों को मिलाकर 2023 के बाद यह दूसरी बार है जब कोई आईसीसी ट्रॉफी अपने घर आई हो। गोंगाड़ी त्रिसा ने फाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन विकेट लेने के अलावा नाबाद 44 रन भी बनाए।















