किन्नर अखाड़ा में अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर पद से हटा दिया गया है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने यह कार्रवाई की है। उनका कहना है कि महामंडलेश्वर बनाने में प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। पट्टाभिषेक के पहले मुंडन कराना अनिवार्य होता है…
प्रयागराज (ए)। फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद किन्नर अखाड़े में घमासान शुरू हो गया है। अखाड़े के संतों की आपत्ति के बाद ममता को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई किन्रर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने की है। हालांकि आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने इस कार्रवाई को अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि अजय दास को किन्नर अखाड़े से पहले ही निकाला जा चुका है, वह किस हैसियत से कार्रवाई कर सकते हैं।
अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर की पदवी दिए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। अभिनेत्री को महामंडलेश्वर बनाने को लेकर किन्नर अखाड़े के भीतर ही विरोध शुरू हो गया। किन्नर अखाड़े के संस्थापक अजय दास और आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी इस मसले पर आमने-सामने आ गए हैं। इसी बीच अजय दास ने ममता कुलकर्णी को पद से हटा दिया। सिर न मुंडवाने को कार्रवाई का आधार बनाया गया है।















