भिलाई। हर आह्वान में गूँजता है भारत, सभी रंगों में समाहित है तिरंगा, भारत गणराज्य की 76वीं वर्षगाँठ के अवसर पर शारदा विद्यालय, रिसाली में हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस का महापर्व पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आरम्भ मुख्य अतिथि चेयरमैन स्कूल मैनेजिंग कमेटी विपिन ओझा के कर कमलों द्वारा तिरगें को फहरा कर किया गया।
राष्ट्र ध्वज के फहरते ही रंग- बिरगें पुष्प चारों ओर बिखर गए। इस सुरम्य वातावरण में राष्ट्रगान गाया गया। इसके पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा तिरंगे गुब्बारों को सतरंगी हवाओं के सुपुर्द किया गया जिससे भारत के विकसित भविष्य और निरंतर प्रगति की यात्रा की सुगंध अनन्त दिशाओं तक फैल सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में देशभक्ति की भावना छाई रही। काव्य पाठ, भाषण तथा विभिन्न राज्यों की झाँकी का भी प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों के देशभक्ति पूर्ण नृत्य से सम्पूर्ण विद्यालय का वातावरण शहीदों के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि से महक उठा।
डायरेक्टर शकुन्तला ग्रुप ऑफ स्कूल्स संजय ओझा ने अपने उद्बोधन में गणतंत्र तथा संविधान की उदे्दशिका के बहुमूल्य वचनों को शब्द दिए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों से भविष्य में एक अच्छा नागरिक बनने की अपील की साथ ही साल 2025 में गणतंत्र दिवस के विषय“ स्वर्णिम भारत – विरासत और विकास” पर भी रौशनी डाली। मुख्य अतिथि ने भी विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों की महत्ता समझाई।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या सुतापा सरकार ने भी विद्यार्थियों को अपने कर्तव्य का उचित रूप से पालन करने की सीख दी एवं कभी हार न मानने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के उत्साह को दुगुना करते हुए, ममता ओझा मैनेजर शारदा विद्यालय रिसाली, हेडमिस्ट्रेस पुष्पा सिंह, प्री-प्रायमरी इंचार्ज सेष्टि राव, एक्टिविटी इंचार्ज पूजा बब्बर, प्रतीक ओझा, तथा वनिता ओझा ने भी समारोह में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का समापन करते हुए विद्यालय के वाइस हेडबॉय तथा हेडगर्ल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच का संचालन छात्रा लवली तिवारी तथा नेत्रा हुई ने किया।















