इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाए थे। जवाब में तिलक ने 55 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 72 रनों की पारी खेली जिसकी मदद से भारत ने 19.2 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीता…
चेन्नई (ए)। भारतीय टीम ने तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में दो विकेट से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 165 रन बनाए थे। जवाब में तिलक ने 55 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 72 रनों की पारी खेली जिसकी मदद से भारत ने 19.2 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीता।
भारत के लिए तिलक के अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए, जबकि नौवें बल्लेबाज के रूप में उतरे रवि बिश्नोई पांच गेंदों पर नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड के लिए ब्राइडन कार्से ने तीन विकेट लिए और टीम को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तिलक की पारी के सामने उनका यह प्रयास सफल नहीं हो सका। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, आदिल राशिद, जैमी ओवरटन और लियाम लिविंगस्टोन ने एक-एक विकेट लिए।














