BREAKING

फीचर्डविविध

आ गया देश का पहला CNG ट्रैक्टर, नितिन गडकरी ने किया पेश, हर साल 1.5 लाख रुपये की होगी बचत

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज यानी शुक्रवार को भारत के पहले CNG-संचालित ट्रैक्टर का अनावरण किया है। ये एक डीजल ट्रैक्टर है जिसे CNG में कन्वर्ट किया गया है। ये अपने तरह का देश का पहला ट्रैक्टर है। सरकार का मानना है कि इस नए ट्रैक्टर के प्रयोग से देश के किसानों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

दरअसल ये ट्रैक्टर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का ही है जिसे CNG में कन्वर्ट किया गया है। इस ट्रैक्टर को आज देश के सामने पेश करने के दौरान नितिन गडकरी ने मीडिया को बताया कि, इस ट्रैक्टर से किसानों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस ट्रैक्टर के प्रयोग से खर्च को तकरीबन 55 प्रतिशत तक घटाया जा सकता है।

गडकरी ने बताया कि, देश में एक किसान प्रतिवर्ष ट्रैक्टर के प्रयोग के लिए तकरीबन 3.5 लाख रुपये तक का डीजल खर्च करता है। वहीं सिर्फ खेती के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रैक्टर पर प्रतिवर्ष तकरीबन 2.5 लाख रुपये तक का खर्च आता है। दावा किया जा रहा है कि इस ट्रैक्टर के प्रयोग से किसान प्रतिवर्ष 1.5 लाख रुपये तक की बचत कर सकता है।

नितिन गडकरी ने बताया कि, ये ट्रैक्टर उन्होनें साल 2012 में पहली बार खरीदा था, जिसे नागपुर की कंपनी रावमट टेक्नो सॉल्यूशंस और टोमासेटो एचिल इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से CNG में कन्वर्ट किया गया है। इस ट्रैक्टर को तकरीबन 6 महीनें तक के लिए टेस्ट भी किया गया है, जिसे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

दरअसल, इस ट्रैक्टर में एक CNG किट का इस्तेमाल किया गया है। सरकार की योजना है कि देश के हर जिले में रेट्रो फिटमेंट सेंटर्स बनाए जाएंगे जहां पर ये CNG किट उपलब्ध होंगे। जहां तक इस ट्रैक्टर की कीमत की बात है तो अभी इसके बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आगामी 18 महीनों के भीतर इसकी कीमत का खुलासा किया जा सकता है।

Related Posts