भिलाई। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक-5 की अध्यक्ष दानेश्वरी साहू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं दुर्ग जिला अध्यक्ष के आदेशानुसार किसानों के समर्थन में भिलाई के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पदयात्रा निकाल कर आम जनता से भी किसानों का समर्थन करने की अपील की जाएगी।
श्रीमती साहू ने बताया कि ब्लॉकस्तरीय सम्मेलन/पदयात्रा 10 से 20 फरवरी के बीच सम्पन्न करने का आदेश मिला है। सभी छह ब्लॉकों में यह पदयात्रा 110 वार्डो में निकाला जाएगा। करीब 15-20 किलोमीटर की पदयात्रा में किसानों की मांग पूरी करने तथा किसानों को समर्थन देने की अपील की जाएगी। पदयात्रा की शुरुआत वार्ड क्रमांक 1 खम्हरिया से शुरू होकर सभी वार्डो का भ्रमण करते हुए हुडको में समाप्त होगी। 10 फरवरी से शुरू होने वाली पदयात्रा रोजाना शाम 4 बजे से 7 बजे तक होगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 2 की अध्यक्ष तुलसी साहू ने बताया कि खुर्सीपार में यह पदयात्रा 11,12 तथा 13 फरवरी को निकलेगी, जिसकी तैयारी की जा रही है।
प्रेसवार्ता के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 3 के अध्यक्ष प्रमोद प्रभाकर, बृजमोहन सिंह, संदीप निरंकारी, राजेश शर्मा, आदित्य सिंह, सीजू एंथोनी, रज्जन अकील खान आदि उपस्थित थे।









