BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

केन्द्र सरकार ने 18 IAS अधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारी, यूपी से 02 आईएएस को बुलाया दिल्ली

नईदिल्ली (ए)। केंद्र सरकार ने  शनिवार को केंद्रीय नौकरशाही में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया। सरकार ने कुल 18 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नए फेरबदल में उत्तर प्रदेश से भी आलोक टंडन और आलोक कुमार-1 को केंद्र में बुलाया गया है। विभाग ने IAS अधिकारी आलोक टंडन को माइंस सचिव नियुक्त किया है। 1986 बैच के आईएएस अधिकारी टंडन वर्तमान में अपने कैडर राज्य उत्तर प्रदेश में सेवारत हैं।

एचटी द्वारा देखे गए कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा कायाकल्प के तहत जल संसाधन विभाग के सचिव उपेंद्र प्रसाद सिंह को कपड़ा मंत्रालय में सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर, पंकज कुमार, जो वर्तमान में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, को जल संसाधन विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।

वरिष्ठ नौकरशाह आलोक कुमार को ऊर्जा मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार, वर्तमान में अपने कैडर राज्य उत्तर प्रदेश में काम कर रहे हैं। जनजातीय मामलों के सचिव दीपक खांडेकर को सचिव DoPT नियुक्त किया गया है।

वहीं, पर्यटन सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे योगेंद्र त्रिपाठी को रसायन व पेट्रो रसायन विभाग में सचिव बनाया गया है। इसके अलावा, ओडिशा कैडर के 1986 बैच के अधिकारी जीवी वेणुगोपाला सरमा को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में सदस्य सचिव पद से राष्ट्रीय प्राधिकरण (रासायनिक हथियार समझौता) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद सिंह को त्रिपाठी की जगह पर्यटन सचिव बनाया गया है। तमिलनाडु कैडर के ऑटम डे केंद्रीय सतर्कता आयोग के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

 गुजरात कैडर के विद्युत बिहारी स्वैन सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय के सचिव बनाए गए हैं। वे अब तक वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव थे। गृह मंत्रालय के विशेष सचिव प्रवीण कुमार श्रीवास्तव को कैबिनेट सचिवालय का सचिव (समन्वय) नियुक्त किया गया है। उर्वरक विभाग में अतिरिक्त सचिव व वित्त सलाहकार अलका तिवारी अब राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सचिव होंगी।

Related Posts