BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

देवेंद्र फडणवीस ने संभाली महाराष्ट्र में नई सरकार की कमान: पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, पीएम मोदी सहित एनडीए का दिखा शक्ति प्रदर्शन

महाराष्ट्र में आज नई सरकार के मुखिया के तौर पर शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने राज्य कैबिनेट की बैठक की। जिसमें उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद रहे। इस कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए हैं…

 

मुंबई (ए)। महाराष्ट्र में गुरुवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण हुआ। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आजाद मैदान में हुआ। यहां भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे दोनों ने बतौर उपमुख्यमंत्री शपथ ली। महाराष्ट्र की नई सरकार के शपथ ग्रहण में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन भी दिखा। शपथ ग्रहण समारोह में देश भर से एनडीए के कई मुख्यमंत्री और नेता भी पहुंचे।

महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हुए। समारोह में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और नेता पहुंचे जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के मुखिया नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और केंद्रीय मंत्री और आरपीआई प्रमुख रामदास अठावले ने भी यहां कार्यक्रम में शिरकत की।

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य भी उपस्थित थे। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड सितारे शाहरुख खान, सलमान खान, रणवीर सिंह और माधुरी दीक्षित जैसी प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।

शपथ ग्रहण समारोह को एक भव्य आयोजन बनाया गया जिसमें लगभग 42,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान था। 40,000 भाजपा समर्थकों के बैठने लिए विशेष व्यवस्था की गई थी और विभिन्न धर्मों के नेताओं सहित 2,000 गणमान्य लोगों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई। एक अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सुरक्षा के लिए 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

महाराष्ट्र में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद महायुति सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। वहीं इस बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, इस बार टेस्ट मैच जैसी पारी होगी। हम महाराष्ट्र को हर क्षेत्र में आगे ले जाएंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार ने लाडली बहन योजना की धनराशि में बढ़ोतरी की है। सीएम फडणवीस ने एलान करते हुए कहा कि लाडली बहन योजना में अभी 1500 रुपये दे रहे हैं, इसे बढ़ाकर 2100 रुपये करेंगे। हालांकि इसमें बढ़ोतरी कब से की जाएगी उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी। लेकिन कहा कि, हम आर्थिक स्रोत मजबूत करेंगे, फिर इसे बढ़ाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा, राज्य के कैबिनेट में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। जबकि 7, 8 और 9 दिसंबर को महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र होगा। 9 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा मंत्रिमंडल तय हो चुका है। शीतकालीन सत्र से पहले सभी मंत्रियों की शपथ कराकर पोर्टफोलिया बांट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा- सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार आपको देखने मिलेगी, अगर समस्याएं आएंगी तो हम लोग मिलकर रास्ता निकालकर महाराष्ट्र को आगे बढ़ाएंगे।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा, पिछले 2.5 सालों में हमने महाराष्ट्र के विकास के लिए काम किया है और यहां से भी हम महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेंगे और हम अब नहीं रुकेंगे, दिशा और गति वही है, केवल हमारी भूमिकाएं बदल गई हैं। हम महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए फैसले लेंगे। हम उन कामों को पूरा करना चाहते हैं जिनका जिक्र हमने अपने घोषणापत्र में किया था।

वहीं अपने पहले फैसले में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे मरीज के लिए सहायता को मंजूरी दी है। बता दें कि, पदभार संभालने के बाद अपनी पहली फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे एक मरीज के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जानकारी के मुताबिक, पुणे में रहने वाले चंद्रकांत कुर्हाड़े की पत्नी ने अपने पति के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने से पहले फाइल पर अपने हस्ताक्षर किए।

Related Posts