आईएमडी ने 29 नवंबर तक तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उच्च स्तरीय बैठककर हालात का जायजा लिया और भारी बारिश वाले संभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया…
नईदिल्ली (ए)। दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे दबााव के क्षेत्र में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद से वह धीरे-धीरे तमिलनाडु के तट की तरफ बढ़ेगा। इसके प्रभाव से चेन्नई समेत तमिलनाडु के विभिन्न इलाकों में मंगलवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। इस तूफान से पुडुचेरी पर भी असर पड़ने की आशंका है। इसको देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की सात और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 10 को चेन्नई समेत तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में तैनात किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की तरफ से मंगलवार दोपहर 12 बजे जारी नवीनतम जानकारी के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे गहरे दबाव का क्षेत्र श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 310 किमी दक्षिणपूर्व, पुडुचेरी से 710 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और चेन्नई से 800 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित था। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 27 नवंबर को चक्रवाती तूफान में और तेज होने की बहुत संभावना है। इसके बाद, यह अगले दो दिनों के दौरान श्रीलंका तट को पार करते हुए, उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर तमिलनाडु तट की ओर बढ़ना जारी रखेगा।
आईएमडी ने 29 नवंबर तक तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उच्च स्तरीय बैठककर हालात का जायजा लिया और भारी बारिश वाले संभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 टीमों को चेन्नई, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, कुड्डालोर और तंजावुर जिलों में तैनात किया गया है।
इंडिगो ने जारी की एडवाइडरी
इस बीच, इंडिगो ने चेन्नई, तूतीकोरिन और मदुरै से आने वाली उड़ानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ये उड़ाने प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण प्रभावित हो रही हैं।