BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

अगले साल 14 मार्च से शुरू होगा आईपीएल का 18वां संस्करण, फाइनल 25 मई को खेला जाएगा

आईपीएल 2025 में 74 मैच खेले जा सकते हैं, जो 2022 में आईपीएल में खेले गए 84 मैचों से 10 कम हैं। 2023-27 चक्र के मीडिया अधिकार पहले ही बेचे जा चुके हैं…

नईदिल्ली (ए)। आईपीएल 2025, 14 मार्च से शुरू होगा। बीसीसीआई ने आईपीएल टीमों को यह बताया है और 2026 तथा 2027 सत्र के लिए भी यही विंडो रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की सबसे अमीर फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के 18वें संस्करण का फाइनल 25 मई को खेला जाएगा। भले ही स्थान की घोषणा की जानी बाकी है, लेकिन पूरी संभावना है कि फाइनल मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि केकेआर ने आईपीएल का 2024 संस्करण जीता था।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 2026 सीजन 15 मार्च से 31 मई के बीच और 2027 सीजन 14 मार्च से 30 मई के बीच खेला जा सकता है। टीमों को भेजे गए पत्र में बोर्ड ने कहा कि अगले तीन सत्र की तारीखें इसलिये साझा की गई है ताकि टीमों को खिलाड़ियों की नीलामी की रणनीति बनाने में मदद मिल सके। तीनों फाइनल रविवार को खेले जाएंगे। आईपीएल 2025 में 74 मैच खेले जा सकते हैं, जो 2022 में आईपीएल में खेले गए 84 मैचों से 10 कम हैं। 2023-27 चक्र के मीडिया अधिकार पहले ही बेचे जा चुके हैं। सभी सदस्य देशों ने बीसीसीआई को अगले तीन सीजन के लिए अपने खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया है। इससे सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी को काफी फायदा होगा।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, ‘क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खिलाड़ियों को 2025 सत्र में खेलने की मंजूरी दे दी है। 2026 में ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान में तीन मैचों की वनडे सीरीज में भाग लेगा। 18 मार्च को सीरीज खत्म होने पर सभी खिलाड़ी आईपीएल खेलने भारत आएंगे।  ईसीबी ने एक बयान में कहा है कि उन्होंने 18 केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है जो अगले तीन आईपीएल सत्रों के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, इस सूची से टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स का नाम गायब है। उन्होंने 2025 आईपीएल मेगा नीलामी में प्रवेश नहीं किया है।
2025 और 2027 के बीच पूरी तरह से उपलब्ध होने वाले खिलाड़ियों की सूची में जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, सैम करन, बेन डकेट, विल जैक्स, लियाम लिविंगस्टोन, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, ओली स्टोन और रीस टॉपले शामिल हैं। ईसीबी ने संकेत दिया है कि इनमें से कुछ खिलाड़ी 2025-27 की अवधि के दौरान किसी समय अनुबंध से बाहर हो जाएंगे, लेकिन जब वे अनुबंधित होंगे, तो वे आईपीएल में खेलने के लिए उपलब्ध होंगे। इंग्लैंड के गैर केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी अगले तीन सत्र के लिए पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे।
इससे पहले 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में आईपीएल नीलामी होनी है। मेगा ऑक्शन में कई बड़े नाम शामिल हो रहे हैं। इस साल ऑक्शन के लिए शार्टलिस्टेड 574 खिलाड़ियों की लिस्ट में 81 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपए है।
इस बार नीलामी में ऋषभ पंत, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल जैसे बड़े खिलाड़ी उतरेंगे। इन सभी ने भी खुद को दो करोड़ रुपए में खुद को लिस्ट किया है। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल स्टार्क, जोस बटलर, डेविड वॉर्नर, जेम्स एंडरसन, ट्रेंट बोल्ट, फाफ डु प्लेसिस जैसे स्टार शामिल हैं।बीसीसीआई ने जेद्दा में रविवार से होने वाली दो दिवसीय नीलामी में चोटों से जूझने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, भारतीय मूल के अमेरिकी तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर और मुंबई के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोर को भी शामिल करने का फैसला किया है।
आर्चर इस साल आईपीएल नहीं खेले थे और 2023 में कोहनी की चोट के कारण बीच में से ही चले गए थे। नेत्रवलकर ने अमेरिका में टी20 विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। भारत के पूर्व अंडर 19 क्रिकेटर नेत्रवलकर मुंबई के लिये रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं लेकिन कम्प्यूटर इंजीनियरिंग करने के लिये अमेरिका चले गए थे और ओरेकल में काम करते हैं। नीलामी की सूची में नेत्रवलकर की जगह भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी उन्मुक्त चंद का नाम होने से भृकुटियां तनी थी क्योंकि उन्मुक्त टी20 विश्व कप में अमेरिकी टीम का हिस्सा नहीं थे।

Related Posts