BREAKING

Uncategorised

समाजसेवी संस्था वयं फाउंडेशन ने बढ़ाया नवजात बच्चियों (ट्रिप्लेट बेबीज) की मदद के लिए हाथ

रायपुर। जब-जब लोगों पर परेशानी आती है , तब उनकी मदद करने के लिए समाज में से ही कोई सामने आता है। ऐसे ही मुश्किल वक़्त से गुज़र रहे एक परिवार की मदद करने के लिए वयं फाउंडेशन समाजसेवी संस्था ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। अक्टूबर माह में जन्मी ट्रिप्लेट बेबीज यानी तीन बच्चियों के लालन-पालन में हो रही परेशानियों के बारे में जब वयं फाउंडेशन के सदस्यों को पता चला तो वे तुरंत परिवार के पास तात्कालिक मदद के साथ पहुँचे। संस्था की अध्यक्ष आभा बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनम नामक एक युवती के सातवें महीने में ही तीन बच्चियां हुईं हैं । कोरोना के समय से परिवार में आय का अभी कोई साधन न होने के कारण अब इस परिवार को कई मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या बच्चियों के दूध पाउडर, डायपर , दवाइयों आदि की है क्योंकि सातवें महीने में ही जन्म लेने के कारण बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है। जब परिवार की स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी तब बच्चों की माँ सोनम ने लोगों से खुलकर मदद माँगी।
इस बात की जानकारी होने पर आभा बघेल, भवानी प्रधान, अरुणा जैन, मौसमी सिंह राजपूत, शैलेश वर्मा ने मिल्क पाउडर, दवाइयाँ, डायपर, राशन व अन्य जरूरी सामानों के साथ परिवार के पास पहुँचकर उनको तात्कालिक सहायता प्रदान की। संस्था के आग्रह पर बच्चियों का चेकअप करते हुए चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर रूपेश जैन ने बताया कि इनकी विशेष देखभाल की जरूरत है। प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शालिनी जैन ने भी माँ का परीक्षण करके विशेष आहार लेने की सलाह दी । माँ और बच्चों की दवाइयां और फीस के पैसे उन्होंने लेने से साफ इंकार कर दिया। संस्था इनकी आभारी है। संस्था की अध्यक्ष आभा बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी अपील पर रायपुर शहर के लोग भी मदद के लिए सामने आ रहे हैं फिर भी रोज़मर्रा की ज़रूरतों के लिए सभी लोगों से खुलकर सामने आने की मदद की आवश्यकता है । जितनी भी मदद हो सके अवश्य करें।

Related Posts