नईदिल्ली (ए)। संसद का बजट सत्र 29 जनवरी से शुरू होगा। सत्र के दौरान 1 फरवरी को संसद में वित्त वर्ष 2021-22 का आम बजट पेश किया जाएगा। दो हिस्सों में चलने वाला बजट सत्र 8 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र पहला चरण 29 जनवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा हिस्सा 8 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। केंद्रीय बजट 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा।
संसद की स्थायी समिति को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान की मांगों पर विचार करना सुगम बनाने के लिए 15 फरवरी को सत्र का पहला चरण स्थगित कर दिया जाएगा और 8 मार्च से दूसरे चरण की बैठक शुरू होगी। संसद के बजट सत्र के दौरान कोविड-19 से संबंधित सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के चलते संसद का शीतकालीन सत्र नहीं बुलाया गया था। सरकार ने कहा था कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण इस बार संसद के शीतकालीन सत्र का आयोजन नहीं होगा। इस पर विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के विरोध-प्रदर्शन और अन्य मुद्दों पर चर्चा करने से भाग रही है।









