जीत के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई…
नईदिल्ली (ए)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार 5 नवंबर को वोटिंग हुई। इस चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी कमला हैरिस के बीच मुख्य मुकाबला था। कुछ जगहों पर मतगणना जारी है, लेकिन अमेरिकी कानून के मुताबिक ट्रंप को विजेता घोषित कर दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान अपने परिवार का शुक्रिया अदा किया। साथ ही चुनाव में उनके लिए काम करने वालों की मेहनत का भी जिक्र किया। इस बीच उन्होंने अरबपति कारोबारी एलन मस्क का भी जिक्र किया। ट्रंप ने कहा कि वह एलन मस्क से प्यार करते है और उनके समर्थन के लिए आभार जताते हैं। ट्रंप ने मस्क की संचार व्यवस्था स्टारलिंक का जिक्र किया और नॉर्थ कैरोलाइना में बाढ़ प्रभावितों की मदद से जुड़ा किस्सा सुनाया। ट्रंप ने कहा कि मस्क की वजह से ही नॉर्थ कैरोलाइना में रिपब्लिकन पार्टी को जीत मिली।
डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान कहा कि उन्होंने ऐसा जोश और जश्न कभी नहीं देखा। ट्रंप ने कहा कि यह पल शानदार है। उन्होने कहा, “मेरी जीत हर अमेरिकी की जीत है। हम अमेरिका को फिर से महान बनाएंगे। सभी स्विंग स्टेट भी हमारे साथ रहे। अब मेरा हर पल अमेरिका के लिए रहेगा। हम मिलकर अमेरिका के भविष्य के लिए काम करेंगे। ये जीत ऐतिहासिक और अविश्वसनीय रही। अमेरिका ने मुझे अभूतपूर्व जनादेश दिया।
राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत तय होने के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। जैसा कि आप अपने पिछले कार्यकाल की सफलताओं को आगे बढ़ा रहे हैं, मैं भारत-अमेरिका संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए हमारे सहयोग की आशा करता हूं। आइए हम सब मिलकर अपने लोगों की बेहतरी के लिए काम करें और वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा दें।’
रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम पर चौंकाने वाली प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की सुनिश्चित जीत को लेकर क्रेमलिन ने कहा कि फिलहाल वे अंतिम नतीजों की घोषणा का इंतजार करेंगे। बता दें कि कई राज्यों में मतगणना जारी है। डेमोक्रेट प्रत्याशी कमला हैरिस की हार पक्की हो चुकी है। रिपब्लिकन खेमे के प्रत्याशी और पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप बहुमत के आंकड़े से बहुत आगे निकल चुके हैं।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी डोनाल्ड ट्रंप को जीत के लिए बधाई दी है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद कीर स्टार्मर भी उन वैश्विक नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने ट्रंप को जीत की बधाई दी है। कीर स्टार्मर ने कहा कि ट्रंप के जीत हासिल करने के बाद ब्रिटेन और अमेरिका के बीच विशेष संबंध नए अमेरिकी प्रशासन के तहत भी समृद्ध होंगे।
लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट द्वारा जारी एक बयान में स्टार्मर ने कहा, ‘आपके ऐतिहासिक चुनाव जीत पर राष्ट्रपति-चुनाव ट्रंप को बधाई। मैं आने वाले वर्षों में आपके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। सबसे करीबी सहयोगी के रूप में, हम स्वतंत्रता, लोकतंत्र और उद्यम के अपने साझा मूल्यों की रक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। विकास और सुरक्षा से लेकर नवाचार और तकनीक तक, मुझे पता है कि आने वाले वर्षों में अटलांटिक के दोनों तरफ ब्रिटेन-अमेरिका के विशेष संबंध समृद्ध होते रहेंगे।’
अमेरिका स्थित रूसी दूतावास ने एक बयान जारी कर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में दखलअंदाजी के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है। दरअसल मंगलवार को अमेरिका के कई राज्यों के मतदान केंद्रों पर बम होने की खबरें सामने आईं थी। हालांकि जांच में ये सूचना झूठी पाई गई। इसके चलते कई मतदान केंद्रों को अस्थायी तौर पर बंद करना पड़ा था। अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने कहा है कि बम की झूठी धमकी ईमेल के जरिए दी गई और ये ईमेल रूस के डोमेन से भेजे गए थे।
















