भिलाई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई अपना तीसरा और चौथा दीक्षांत समारोह 26 अक्टूबर 2024 शनिवार को अपने परिसर के नालंदा हॉल में आयोजित करेगा। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी और दीक्षांत समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगी।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस अवसर पर उपस्थित होंगे। यह राष्ट्रपति की संस्थान के साथ-साथ भिलाई की पहली यात्रा होगी और इस तरह यह न केवल संस्थान बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस दीक्षांत समारोह में 2023 और 2024 में स्नातक करने वाले 396 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। 2023 बैच के स्रातक छात्रों में 13 पीएचडी, 11 एमएससी, 27 एमटेक, 13 बीटेक (ऑनर्स) और 123 बीटेक स्रातक शामिल हैं।
2024 के स्रातक बैच में 8 पीएचडी, 20 एमएससी, 19 एमटेक, 12 बीटेक (ऑनर्स) और 150 बीटेक छात्र शामिल हैं। संस्थान स्वर्ण पदक बीटेक के छात्रों को उनके बैच में उच्चतम सीजीपीए के लिए प्रदान किया जाता है, जबकि बीटेक और एमटेक छात्रों को अकादमिक और पाठ्येतर डोमेन दोनों में उनके समग्र प्रदर्शन के आधार पर निदेशक स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाता है।
बीटेक, बीटेक (ऑनर्स) और एमएससी में समग्र शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सर्वश्रेष्ठ छात्रा को निदेशक स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाता है। सीनेट पुरस्कार विभिन्न शाखाओं और कार्यक्रमों में उच्चतम सीजीपीए वाले छात्रों को दिए जाते हैं। इस दीक्षांत समारोह में 2023 के बैच के तेरह छात्रों और 2024 के बैच के दस छात्रों की सीनेट पुरस्कारों के लिए सिफारिश की गई है। उक्त जानकारी गुरुवार को आईआईटी भिलाई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
















