प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रूस दौरे पर रवाना होंगे। पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए भारतीय प्रवासियों ने खास तैयारियां की हैं। बता दें कि पीएम मोदी कज़ान में आयोजित होने वाले 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के अलावा कई अहम द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूस दौरे से पहले कजान शहर से खास तस्वीरें सामने आई हैं। प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी के स्वागत में होर्डिंग लगवाए हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 22-23 अक्तूबर को रूस की यात्रा करेंगे। यहां मेजबान रूस की अध्यक्षता में 16वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कज़ान में आयोजित ब्रिक्स देशों के सम्मेलन के अलावा पीएम मोदी कज़ान आने वाले ब्रिक्स सदस्य देशों और अन्य आमंत्रित नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं।
16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का प्रमुख विषय ‘न्यायसंगत वैश्विक विकास और सुरक्षा के लिए बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ है। इस विषय पर आयोजित होने वाला यह शिखर सम्मेलन नेताओं को प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
पीएम मोदी 22-23 अक्टूबर को रूस में रहेंगे। विदेश मंत्रालय पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक पर काम कर रहा है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का विवरण साझा करते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में संस्थापक सदस्यों के साथ-साथ नए सदस्य भी भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन 22 अक्टूबर को शुरू होगा और पहले दिन शाम को नेताओं के लिए रात्रिभोज होगा।
शिखर सम्मेलन का मुख्य दिन 23 अक्तूबर (बुधवार) है। इस दिन दो मुख्य सत्र होंगे। सुबह एक क्लोज कंपलीट सत्र और उसके बाद दोपहर में एक ओपन कंपलीट सत्र होगा। जो 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मुख्य विषय पर चर्चा होगी।
पिछले साल हुए विस्तार के बाद ब्रिक्स का पहला शिखर सम्मेलन होगा। ब्रिक्स समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका 2010 से शामिल हैं। अब इसमें ईरान, मिस्र, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी शामिल हो गए हैं।
















