

रायपुर। हमारी छोटी-सी मदद भी जरूरतमंद लोगों को थोड़ी राहत तो पहुंचा ही सकती है, इसी उद्देश्य के साथ राजधानी की संस्था वयं फाउंडेशन पिछले कुछ समय से ऐसे जरूरतमंद लोगों तक वस्त्र, गर्म कपड़े, अनाज व अन्य जरूरी सामान पहुँचाने का कार्य कर रही है। फाउंडेशन की अध्यक्ष आभा बघेल ने बताया कि उनकी संस्था हर संभव अपने “गिलहरी योगदान” का प्रयास करती है और इसी कड़ी में अभी जब ठंड अपने पाँव पसार रही है संस्था ने बेघर-बेसहारा लोगों की मदद का बीड़ा उठाया है।
फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा राजधानी रायपुर में विधानसभा रोड, शंकर नगर, मोवा, देवेंद्र नगर व अन्य स्थानों पर आसरा लिए हुए ज़रूरतमंदों को गर्म शॉल, कपड़े और बच्चों के आग्रह पर बिस्कुट के पैकेट प्रदान किये गए। इस बढ़ती ठंड में जरूरतमंदों तक यथासंभव मदद पहुँचाने का संस्था का प्रयास जारी है। इस कार्य में वयं संस्था से अनमोल शर्मा, तनु बघेल, हरप्रीत सिंह, सुयश राठौर ने समयदान दिया और रौनक दास , कृति बघेल व अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
अध्यक्ष आभा बघेल ने बताया कि उनकी संस्था ऐसी कठिन घड़ी में उन सभी समर्थ लोगों व संस्थाओं से अपील भी करती है कि आगे आकर जरूरतमंद लोगों की यथा संभव मदद जरूर करें। उपाध्यक्ष अनमोल शर्मा ने कहा कि ऐसे समय में हमारी छोटी सी मदद भी लोगों को बड़ी राहत पहुंचा सकती है। जैसे भी हो जरूरतमंदों की मदद करें।






