हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी। उन्हें प्रदेश में चल रही योजनाओं और नक्सल ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी थी…
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर एम्स और NIT के दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ सकती हैं। पीएम मोदी के भी छत्तीसगढ़ आने की चर्चा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, दोनों के आने का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।
दरअसल, कुछ समय पहले दोनों ही संस्थानों के प्रमुखों ने राष्ट्रपति भवन जाकर उन्हें आमंत्रित किया था। चर्चा है कि, राष्ट्रपति भवन से जल्द ही राष्ट्रपति का शेड्यूल जारी हो सकता है। सुरक्षा और आयोजन को लेकर रायपुर के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ सरकार इस दिन एक भव्य कार्यक्रम करने की तैयारी में जोरशोर से जुटी है। खास बात ये है कि इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार इस आयोजन के लिए अलग-अलग स्तर पर तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन को भव्य रूप दिया जा सके।
आदिवासी क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को है। छत्तीसगढ़ सरकार इसे भव्य कार्यक्रम की तरह मनाने वाली है। प्रदेश सरकार इस प्रयास में है कि, पीएम नरेंद्र मोदी को रायपुर बुलाया जाए। हालांकि प्रधानमंत्री ऑफिस से किसी तरह का कंफर्मेशन नहीं मिला है।
हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी। उन्हें प्रदेश में चल रही योजनाओं और नक्सल ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी थी।
15 नवंबर को क्रांतिकारी बिरसा मुंडा जयंती है। वे भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने अपने क्रांतिकारी चिंतन से 19वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में भारत के झारखंड में आदिवासियों की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक तथा राजनीतिक युग का सूत्रपात किया था।
आज भी बिरसा मुंडा को बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ उड़ीसा, और पश्चिम बंगाल में भगवान की तरह पूजा जाता है तथा महान देशभक्तों में उनकी की गिनती की जाती है। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के एक आदिवासी परिवार में सुगना और करमी के घर हुआ था।
















