BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

हरियाणा में भाजपा ने लगाई ‘हैट्रिक’, जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन को मिला बहुमत

हरियाणा में भाजपा ने 34 चेहरे उतारे, 20 जीते भाजपा ने इस बार चुनाव में 34 नए चेहरे उतारे। इनमें से 20 चेहरों ने जीत हासिल की, जबकि 14 उम्मीदवारों को हार मिली। वहीं, 12 ऐसी सीटें हैं, जो भाजपा ने कांग्रेस से छीनी हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बन रही है। वहीं जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को बहुमत मिला है। दोनों ही राज्यों में 90-90 सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। जम्मू-कश्मीर में तीन फेज जबकि हरियाणा में एक फेज में वोटिंग हुई थी। हरियाणा में सत्तारूढ़ बीजेपी पहले भी यह भरोसा जता चुकी थी कि वह लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता बरकरार रखने में कामयाब होगी। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हैट्रिक लगाते हुए 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। ऐसे में अब नई सरकार के गठन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 अक्तूबर को शपथ ले सकते हैं।

हरियाणा में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। राज्य में ऐसा करने वाली वह पहली पार्टी होगी। राज्य की कुल 90 सीटों में से बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस ने 36 सीटें जीती है और एक सीट पर आगे चल रही है। इंडियन नेशनल लोक दल ने 2 सीटें जीती है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवरों ने 3 सीटें हैं।

विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने बाद भाजपा सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गई है। सरकार के गठन को लेकर चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा के प्रभारी धमेंद्र प्रधान, सहप्रभारी बिप्लब कुमार देब ने पूर्व सीएम मनोहर लाल के आवास पर बैठक की। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीएम सैनी से बातचीत भी की।

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 सीटों पर जीत मिली है। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 29 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को 6, पीडीपी को 3, जेपीसी को 1 और निर्दलीय को 7 सीटों पर जीत मिली है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भले ही सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं, लेकिन कुल वोट पाने के मामले में वह सूबे में दूसरे नंबर पर है।

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शानदार जीत दर्ज की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने गठबंधन में चुनाव लड़ा। हालांकि अकेले दम पर नेशनल कॉन्फ्रेंस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। इस बीच श्रीनगर के सेंट्रल शॉल्टेंग से चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने इंडिया टीवी से बात करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में सरकार बनने में अभी कुछ समय लग सकता है। पहली बात यह है कि सरकार बनने के लिए इसका मॉडल तैयार हो जाएगा, क्योंकि सरकार बनाने में केंद्रीय नेतृत्व भी शामिल होगा। इसलिए इसमें कुछ दिन लग सकते हैं।

Related Posts