भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। इस मैच में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 1-0 की बढ़त बना ली है…
ग्वालियर (ए)। गेंदबाजों के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारतीय टीम ने ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 127 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दिक ने बनाए जो 16 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे।
हार्दिक के अलावा कप्तान सूर्यकुमार ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और 14 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। अपना पहला मैच खेलने वाले नीतीश रेड्डी भी 15 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज ने एक-एक विकेट झटके।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 19.5 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट कर दिया। बांग्लादेश ने इस तरह पहले मैच में भारत के सामने जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य रखा है। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप और वरुण ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि डेब्यू करने वाले मयंक यादव, अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और वाशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
अर्शदीप ने बांग्लादेश को शुरुआती झटके दिए जिससे टीम अंत तक नहीं उबर सकी और उसकी बल्लेबाजी काफी खराब रही। भारत के लिए तीन साल बाद कोई टी20 मुकाबला खेलने उतरे वरुण ने वापसी पर प्रभावित किया, जबकि अर्शदीप ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर बांग्लादेश को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोके रखा। मयंक यादव ने अपने टी20 करियर का पहला ओवर मेडन डाला और एक विकेट लेने में भी सफल रहे। कुल मिलाकर भारतीय गेंदबाजी इस मैच में शानदार रही।
















