ब्रावो की नियुक्ति ठीक उनके क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के चार घंटे बाद आई है। शुक्रवार को ही ब्रावो इसकी घोषणा की थी। ब्रावो के नाम टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है…
नईदिल्ली (ए)। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने आईपीएल 2025 से पहले नया मेंटर नियुक्त किया है। ब्रावो आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच रहे थे। अब उन्होंने आखिरकार सीएसके और एमएस धोनी का साथ छोड़ दिया है। वह पिछले कई वर्षों से इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। साल 2022 तक वह इस टीम के लिए खेल चुके थे। अब केकेआर ने उन्हें अपनी टीम से जोड़ लिया है। ब्रावो केकेआर की टीम में गौतम गंभीर को रिप्लेस करेंगे। गंभीर की मेंटरशिप में केकेआर ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था। केकेआर ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
ब्रावो की नियुक्ति ठीक उनके क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के चार घंटे बाद आई है। शुक्रवार को ही ब्रावो इसकी घोषणा की थी। ब्रावो के नाम टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस प्रारूप में 582 मैचों में 631 विकेट लिए हैं। हालांकि, उन्हें इस साल कैरिबियाई प्रीमियर लीग में ग्रोइन इंजरी का सामना करना पड़ा था। केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने पुष्टि की कि ब्रावो कैरिबियाई प्रीमियर लीग में नाइट राइडर्स की अन्य सभी फ्रेंचाइजी के साथ काम करेंगे। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट और यूएई में आईएलटी-20 भी शामिल हैं।
वैंकी ने कहा- डीजे ब्रावो का हमारे साथ जुड़ना बहुत ही रोमांचक है। वह जिस लीग में भी खेलते हैं, उसे जीतने की उनकी गहरी इच्छा रहती है। उनके व्यापक अनुभव और ज्ञान से फ्रेंचाइजी और सभी खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। हम इस बात से भी बहुत खुश हैं कि वह दुनिया भर में हमारी सभी अन्य फ्रेंचाइजी- सीपीएल, एमएलसी और आईएलटी 20 के साथ शामिल होंगे।
ब्रावो ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भाग लेना जारी रखा था और आईपीएल समेत कुछ अन्य लीगों में कोचिंग की भूमिका निभाई थी। हाल ही में उन्होंने आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ बतौर कोच काम किया और वेस्टइंडीज और यूएसए में 2024 टी20 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान के गेंदबाजी सलाहकार नामित किए गए थे।
अपने करियर के दौरान ब्रावो ने अपने प्रदर्शन से हर फैन का दिल जीता। दबाव में प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता, खासतौर पर उनकी धीमी गेंद और डेथ-ओवर में गेंदबाजी उनकी खास पहचान है। उन्होंने 2017 और 2018 में त्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) को बैक-टू-बैक CPL खिताब दिलाया और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स को 2021 में अपना पहला CPL खिताब भी दिलाया था।
41 साल के ब्रावो आईपीएल में पहले तीन सीजन यानी 2008 से लेकर 2010 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे थे। इसके बाद 2011 में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑक्शन में खरीदा। 2016 में चेन्नई के सस्पेंशन से पहले ब्रावो ने टीम को 2011 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। 2016 में चेन्नई के सस्पेंड होने पर उन्हें गुजरात लायंस की टीम ने खरीदा था। 2018 में सीएसके की वापसी के बाद एकबार फिर वह इस टीम में शामिल हो गए और 2023 तक टीम का हिस्सा रहे।
इस दौरान चेन्नई की टीम तीन बार चैंपियन बनी। ब्रावो ने दिसंबर 2022 में आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी और फिर लक्ष्मीपति बालाजी को रिप्लेस कर सीएसके के बॉलिंग कोच बने थे। अब उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है। ब्रावो आईपीएल में 161 मैचों में 183 विकेट ले चुके हैं और उनके नाम 1560 रन भी हैं। इनमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। वह 2013 और 2015 में दो पर्पल कैप जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने थे।
















