भारतीय महिला टीम ने बुडापेस्ट में जारी शतरंज ओलंपियाड 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब महिलाओं ने भारत को दोहरी खुशी दी है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय महिला टीम ने बुडापेस्ट में जारी शतरंज ओलंपियाड 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब महिलाओं ने भारत को दोहरी खुशी दी है। महिला टीम में हरिका द्रोणावल्ली, वैशाली रमेशबाबू, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल, तानिया सचदेव शामिल हैं।
इसके पहले भारत ने शतरंज ओलंपियाड 2024 में ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस टूर्नामेंट में यह भारत का पहला स्वर्ण है। इससे पहले भारत ने 2022 में कांस्य पदक जीता था। यह टूर्नामेंट घरेलू सरजमीं पर ही आयोजित किया गया था। वहीं, 2014 में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता था। भारतीय टीम में गुकेश, प्रज्ञानंद, अर्जुन एरिगैसी, विदित गुजराती, पेंटाला हरिकृष्णा और श्रीनाथ नारायणन (कप्तान) शामिल थे।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शतरंज ओलंपियाड 2024 में भारत की पुरुष और महिला टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। पीएम ने कहा कि यह सदी में पहली बार हुआ है। बता दें कि, पीएम मोदी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क के इनडोर स्टेडियम में भारतीयों को संबोधित करते हुए शतरंज ओलंपियाड के विजेताओं की तारीफ की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पीएम ने कहा- आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। भारत ऊर्जा और सपनों से भरा हुआ है। हर दिन नए रिकॉर्ड और नई खबरें बन रही हैं। आज भारत ने शतरंज ओलंपियाड (पुरुष और महिला) में स्वर्ण पदक जीता है। यह एक सदी में पहली बार हुआ है। पूरे देश को हमारे शतरंज खिलाड़ियों पर गर्व है।
















