कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिना सियासी घटनाक्रमों से भरा रहने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दवार नेता अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं। आज उनकी रैली भी होने वाली है। अमित शाह अपने बंगाल दौरे के दौरान ममता बनर्जी को झटका देने वाले हैं। आज शाह की मौजूदगी में कई टीएमसी विधायक बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। उनमें शुभेंदु अधिकारी जैसा बड़ा नाम भी शामिल है।
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले टीएमसी के कई विधायकों ने पार्टी और विधायकी से इस्तीफा देते हुए ममता बनर्जी को बड़ा झटका दिया है। सबसे अहम बात यह है कि ऐसे-ऐसे क्षेत्र के विधायक टीएमसी छोड़ बीजेपी का दामन थामने की तैयारी में हैं जहां-जहां बीजेपी की स्थिति लोकसभा चुनाव में कमजोर रही थी। ऐसे में यह सियासी घटनाक्रम आने वाले विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को फायदा पहुंचा सकती है।
तृणमूल कांग्रेस की विधायक बनश्री मैती ने पार्टी से इस्तीफा दिया
तृणमूल कांग्रेस की विधायक बनश्री मैती ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पिछले 48 घंटे में तृणमूल को यह चौथा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल के कंथी उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से दो बार की विधायक मैती ने कहा कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को ई-मेल से अपना इस्तीफा भेज दिया है। चर्चा है कि जल्द ही वह भाजपा में शामिल हो सकती हैं। मैती ने अपने पत्र में कहा,‘मैं तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे रही हूं।’
टीएमस विधायक जितेंद्र तिवारी ने ममता से मांगी माफी, पार्टी में ही रहेंगे
तृणमूल कांग्रेस के लिए यह राहत भरी खबर है कि विधायक जितेंद्र तिवारी पार्टी में ही बने रहेंगे। बताया जाता है कि बंगाल के मंत्री अरुप बिश्वास के साथ मुलाकात के बाद तिवारी ने फैसला बदला है। अटकलें लगाई जा रही थी कि विधायक जितेंद्र तिवारी जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की खबरों के बीच राज्य में बीजेपी सांसद बाबुल सुप्रियो इसका विरोध किया और फेसबुक पोस्ट के जरिए विरोध करते हुए कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि जितेंद्र तिवारी जैसे नेता पार्टी में आएं। आसनसोल से सांसद बाबुल सुप्रियो ने फेसबुक पर पोस्ट लिख जितेंद्र तिवारी का विरोध किया है।
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक शाह शनिवार को 10:45 बजे कोलकाता स्थित श्री रामकृष्ण मिशन आश्रम में स्वामी विवेकानंद के पैतृक गृह में उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और पत्रकारों से संवाद करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे मेदिनीपुर जिले में स्थित मां सिद्वेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। वहीं पर शाह स्वतंत्रता सेनानी शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मेदिनीपुर में ही डेढ़ बजे वह किसान परिवारों से मुलाकात करेंगे और ढाई बजे कॉलेज मैदान में आयोजित जन सभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद शाम को गृह मंत्री पश्चिम बंगाल से भाजपा के केन्द्रीय मंत्रियों, संगठन सचिवों, पर्यवेक्षकों और प्रदेश भाजपा महासचिवों के साथ आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पार्टी के चुनाव प्रबंधन के कामों की समीक्षा करेंगे।
अगले दिन रविवार को शाह 11 बजे विश्व भारती विश्वविद्यालय, शांति निकेतन के रबीन्द्र भवन में गुरुदेव रबीन्द्रनाथ ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद 12 बजे विश्वविद्यालय के सभागार में संबोधन देंगे।
दोपहर दो बजे शाह बीरभूम के बोलपुर हनुमान मंदिर, स्टेडियम रोड से बोलपुर सर्किल तक रोड शो करेंगे। इसके बाद शाम को गृह मंत्री बीरभूम में ही पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे।
अमित शाह के साथ दिल्ली से कोलकाता पहुंचे शुभेंदु अधिकारी
तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को सबको चकमा देते हुए अचानक दिल्ली पहुंच गए। यहां उन्होंने बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और फिर दोनों साथ बंगाल के लिए रवाना हुए।









