BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल की तारीख और जगह का किया एलान, टीम इंडिया को मिला नया सेलेक्टर

ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल की तारीख और जगह का एलान कर दिया है. जानें यह मुकाबला कब खेला जाएगा..?

 

नईदिल्ली (ए)। आईसीसी (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल मैच की तारीख का एलान कर दिया है. फाइनल मुकाबला इंग्लैंड के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में 11-15 जून को खेला जाएगा. जरूरत पड़ने की स्थिति में 16 जून को रिजर्व डे रखा गया है. यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास का तीसरा फाइनल मुकाबला होगा और लॉर्ड्स पहली बार खिताबी भिड़ंत की मेजबानी करने जा रहा है।

आईसीसी के सीईओ ने इस संबंध में स्टेटमेंट जारी करके कहा, “वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल बहुत थोड़े समय में क्रिकेट जगत के सबसे रोमांचक इवेंट्स में से एक बन चुका है. इसलिए हमें 2025 के फाइनल की तारीख का एलान करते हुए बेहद खुशी हो रही है. यह दुनिया में टेस्ट क्रिकेट की बढ़ती अपील की पहचान है जिसने दुनिया भर के फैंस को अपना दीवाना बनाया हुआ है. टिकटों की मांग काफी अधिक होगी, इसलिए मैं आग्रह कर रहा हूं कि लोग अभी से अगले साल होने वाले मैच का टिकट बुक करा लें।”

WTC का पहला फाइनल साल 2021 में साउथेम्पटन में खेला गया था, वहीं 2023 की खिताबी भिड़ंत द ओवल मैदान में हुई थी. 2021 और 2023 में अब तक क्रमशः न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने यह खिताब अपने नाम किया है. दोनों बार फाइनल मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।

टीम इंडिया को पहली बार न्यूजीलैंड और फिर 2023 में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. 2025 का फाइनल किन टीमों के बीच खेला जाएगा, यह अभी तय नहीं है. प्वाइंट्स टेबल में अभी भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर मौजूद हैं. अगले कुछ महीनों में सभी टीम काफी टेस्ट मुकाबले खेलने वाली हैं, जिसके बाद स्थिति तय हो जाएगी कि खिताबी भिड़ंत किन टीमों के बीच खेली जाएगी।

बीसीसीआई ने एलान करके बताया है कि अजय रात्रा की मेंस क्रिकेट टीम के सिलेक्टर के तौर पर नियुक्ति की गई है. उन्होंने पांच सदस्यों की चयन समिति में सलील अंकोला को रिप्लेस किया है और वे आगामी गुरुवार से औपचारिक रूप से अपनी भूमिका संभालेंगे. यह फैसला दिलीप ट्रॉफी 2024 के शुरू होने से ठीक पहले लिया गया है।

अजय रात्रा हरियाणा से आते हैं और एक विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट और 12 वनडे मैच खेले थे. BCCI ने अपनी आधिकारिक स्टेटमेंट में बताया कि अजय का डोमेस्टिक और अंतर्राष्ट्रीय ट्रैक रिकॉर्ड काफी बढ़िया रहा है. उन्होंने अपने फर्स्ट-क्लास करियर में 99 मैच खेले, जिनमें उनके नाम 4,029 रन हैं. इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 17 अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं।

एक सिलेक्टर के तौर पर अजय रात्रा चयन समिति में शामिल चार अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करेंगे. ये सभी सदस्य मिलकर नया टैलेंट ढूंढने का काम करेंगे जो भविष्य में टीम इंडिया की जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आ सकते हैं. रात्रा के पास कोचिंग में खूब सारा अनुभव है. वो असम, उत्तर प्रदेश और पंजाब टीमों के कोच के तौर पर काम कर चुके हैं. वो 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान भी टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में नजर आए थे।

Related Posts