BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

भाजपा सदस्यता अभियान की हुई शुरुआत, छत्तीसगढ़ भाजपा के पहले सदस्य बने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन महापर्व सदस्यता अभियान का मंगलवार को प्रदेश में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश की राजधानी के पं दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आहूत इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सबसे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सदस्यता के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सदस्यता ग्रहण कर प्रक्रिया पूर्ण की। पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित मंचस्थ अतिथियों ने भी इसके बाद सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे – इस सिद्धांत को लेकर भारतीय जनसंघ की नींव रखी गई थी। जनसंघ के इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए, राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारतीय जनता पार्टी की शुरुआत हुई। आज उसी समर्पण और सिद्धांत के साथ भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, जो राष्ट्रहित के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे ऑडिटोरियम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सदस्यता लेकर सोमवार को सदस्यता अभियान शुरू किया। आज प्रदेश में यह अभियान प्रारंभ हुआ है। श्री साय ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा की यात्रा जन संघ के रूप में शुरू हुई थी।

सन 1980 में भाजपा के गठन को लेकर अब तक की राजनीतिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ने अटल जी और अब श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाई। श्री साय ने कहा कि सभी कार्यकर्ता गली-गली घर-घर पहुंचकर भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाना है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अर्जित उपलब्धियां ने भारत को एक नई पहचान दी है। मोदी की गारंटी पूरी करके भाजपा की हमारे प्रदेश सरकार ने अपार जन विश्वास अर्जित किया है। श्री साय ने कहा की सदस्यता अभियान भाजपा और देश को मजबूत बनाने का अनमोल अवसर है,और इसके लिए हम सब ज्यादा से ज्यादा समय देकर निर्धारित 50 लाख सदस्यता के लक्ष्य को पार करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि सदस्यता हमारी पार्टी का मूल आधार है। इस अभियान में पूरे देश के सभी वर्ग, समाज, आयु के लोग आज भाजपा से जुड़ने के लिए तत्पर है। इस अभियान की 4 सितम्बर से जिला और 5 सितम्बर से मंडल स्तर पर शुरुआत होगी। इस निमित्त प्रदेश, जिला, मंडल स्तर पर कार्यशालाओं का ब्यौरा देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा की सदस्यता अभियान में वे अपना अधिक से अधिक समय दे और इस अभियान में तेज गति से जुटे।

भाजपा एक मात्र राजनीतिक दल है जिसका अपना संविधान है आंतरिक लोकतंत्र है जिसमे संविधान की व्यवस्था के तहत कार्यक्रम चलते हैं भाजपा इसलिए पार्टी विद डिफरेंस है। श्री देव ने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा-प्रकोष्ठ सदस्यता के लक्ष्य को रिकॉर्ड स्तर पर पूरा करें।

Related Posts