BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

जमीन धसने के गंभीर खतरे के कारण जिला प्रशासन ने SBI शाखा को स्थानांतरित करने के दिए निर्देश

इस शाखा में कुल 11,949 खाता धारक हैं, जिनमें से लगभग 75 प्रतिशत लोग बरतुंगा से अन्य क्षेत्रों में निवासरत हैं…

चिरमिरी। चिरमिरी तहसीलदार द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में भारतीय स्टेट बैंक बरतुंगा की शाखा को स्थानांतरित करने की सिफारिश की गई है। यह शाखा हल्दीबाड़ी-बड़ाबाजार-गोदरीपारा मुख्य मार्ग से लगभग 2.5 किलोमीटर की दूरी पर एसईसीएल द्वारा निर्मित और स्वामित्व वाले भवन में वर्ष 1992 से संचालित हो रही है।

इस शाखा में कुल 11,949 खाता धारक हैं, जिनमें से लगभग 75 प्रतिशत लोग बरतुंगा से अन्य क्षेत्रों में निवासरत हैं। इस प्रतिवेदन के अनुसार यह शाखा चिरमिरी एसईसीएल ओपन कास्ट माइंस के लीज होल्ड क्षेत्र में स्थित है, जो एक कोल-बेयरिंग क्षेत्र है।

इस क्षेत्र में कोयला खदानों में होने वाले विस्फोटों के कारण आसपास के भवनों में गंभीर कंपन महसूस किया जाता है। इसके अतिरिक्त, इस क्षेत्र में सतह के नीचे आग लगने और जमीन धंसने का भी गंभीर खतरा है, जिससे यह क्षेत्र जन सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित हो गया है।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला प्रशासन ने भारतीय स्टेट बैंक को निर्देशित किया गया है कि बरतुंगा शाखा को 31 दिसंबर 2024 से पूर्व अन्यत्र स्थानांतरित करे।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इस तिथि तक स्थानांतरण नहीं किया गया तो जनसुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एसबीआई बरतुंगा शाखा के भवन को सील कर दिया जाएगा।

Related Posts