अटल बिहारी वाजपेयी का समाधि स्थल राजघाट के पास शान्ति वन में बने स्मृति स्थल में बनाया गया है. इसे ‘सदैव अटल’ के तौर पर जाना जाता है…
नईदिल्ली (ए)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की आज यानी शुक्रवार (16 अगस्त) को पुण्यतिथि है. इस मौके पर बीजेपी नेताओं ने उनके समाधि स्थल सदैव अटल पर पहुंचना शुरू कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सदैव अटल पहुंचकर पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी है।
अटल बिहारी वाजपेयी का देहांत 16 अगस्त, 2018 को दिल्ली में हुआ था. उनका जन्म 1924 में ग्वालियर में हुआ था. वह प्रधानमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी पीएम थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए सदैव अटल पहुंचे. यहां पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया. पीएम मोदी अपने भाषणों में अटल बिहारी का जिक्र करते हुए आए हैं।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया है. वह सदैव अटल पहुंचे और उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की. बिरला बीजेपी के बड़े नेताओं में से एक हैं. वह लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर बने हैं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी सुबह-सुबह अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल सदैव अटल पहुंचे और उन्होंने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की. खट्टर ने उनके मार्गदर्शन में काफी काम भी किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह सदैव अटल पहुंचे और उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने वाजपेयी की समाधि पर फूल भी अर्पित किए।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी गोद ली हुईं बेटी नमिता कौल भट्टाचार्य ‘सदैव अटल’ पहुंचीं. यहां पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर अपने पिता को याद किया।
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के मौके पर आज उन्हें पूरा देश याद कर रहा है. कई शहरों में बीजेपी की तरफ से कार्यक्रमों का भी आयोजन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
















