BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बनाएंगे खास रिकार्ड, स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

समारोह से पहले 3,000 से अधिक यातायात पुलिस अधिकारियों, 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और 700 आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चेहरे की पहचान करने वाले कैमरों को तैनात करके सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार गुरुवार 15 अगस्त को लगातार 11वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराकर देश को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे लगातार 11 बार लाल किले से भाषण देने वाले देश के तीसरे प्रधानमंत्री बन जाएंगे। इससे पहले जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने यह उपलब्धि हासिल की थी। नरेंद्र मोदी ने 9 जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर नेहरू के तीन कार्यकाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी।

देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने लगातार 17 बार स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिया था। वहीं जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा गांधी ने 16 बार देश को संबोधित किया था। इंदिरा गांधी के भाषणों में से 11 लगातार थे।

गुरुवार इस बार जब प्रधानमंत्री लाल किले से देश को संबोधित करेंगे तब वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे जिन्होंने अपने कार्यकाल में दस बार स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिया था। मोदी ने 2014 में अपने पहले स्वतंत्रता दिवस के भाषण में स्वच्छ भारत और जनधन खातों जैसी बड़ी योजनाओं की शुरुआत की थी। उसके बाद से लगातार उनके भाषण में किसी न किसी मुद्दे की चर्चा जरूर होती है।

सबसे लंबा भाषण देने का रिकॉर्ड भी दर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम स्वतंत्रता दिवस पर सबसे लंबा भाषण देने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उनके भाषणों की औसत अवधि 82 मिनट की रही है जो भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री से अधिक है। पूर्व प्रधानमंत्री आई के गुजराल 71 मिनट के औसत के साथ दूसरे स्थान पर हैं। यह आंकड़ा उनके 1997 में दिए गए एकमात्र भाषण पर आधारित है।

मोदी के भाषणों की अवधि अलग-अलग रही है। 2017 में उनका सबसे छोटा भाषण 55 मिनट का था जबकि 2016 में उनका सबसे लंबा भाषण 94 मिनट का था। 1947 में नेहरू का पहला भाषण केवल 24 मिनट का था। मोदी से पहले इंदिरा गांधी के नाम सबसे लंबे भाषण का रिकॉर्ड था। उन्होंने 1972 में 54 मिनट का भाषण दिया था।

सुरक्षा के तगड़े इंतजाम: दिल्ली में 15 अगस्त को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसके मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतेजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने समारोह से पहले 3,000 से अधिक यातायात पुलिस अधिकारियों, 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और 700 आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चेहरे की पहचान करने वाले कैमरों को तैनात करके सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

पीएम मोदी जब राष्ट्र को संबोधित करेंगे तो मुगल-युग के किले में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। पुलिस लाल किले पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों की पहचान सत्यापित करने के लिए स्मार्टफोन-आधारित एप्लिकेशन का भी उपयोग करेगी।

प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए स्नाइपर्स, SWAT कमांडो, पतंग पकड़ने वालों और शार्पशूटरों को तैनात किया जाएगा। लाल किले पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाल ही में हुई एक बैठक में अमेरिका में ट्रंप पर हमले पर चर्चा की गई और दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने पर जोर दिया।

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को आईएसआईएस के पुणे मॉड्यूल के सदस्य वांटेड आतंकी को गिरफ्तार किया है। होटल, गेस्ट हाउस, पार्किंग स्थल और रेस्तरां की जांच की जा रही है और किरायेदारों और नौकरों का सत्यापन किया जा रहा है।

Related Posts