BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजनांदगांव जाएंगे, मिनीमाता निर्वाण दिवस कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 11 अगस्त को राजनांदगांव के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान वहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री साय रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड से दोपहर 12.30 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 12.55 बजे राजनांदगांव पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री राजनांदगांव के नया बस स्टैण्ड में मिनीमाता प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2.20 बजे राजनांदगांव के स्वर्गीय गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में मिनीमाता निर्वाण दिवस कार्यक्रम एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री राजनांदगांव से अपरान्ह 3.30 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 3.55 बजे पुलिस परेड ग्राउंड आने के बाद, यहां से कुशाभाउ ठाकरे परिसर बोरियाकला जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां से शाम 5.25 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर लौट आएंगे।

मुख्यमंत्री ने मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता की 11 अगस्त को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मिनीमाता ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने दलितों के नागरिक अधिकारों के साथ बाल विवाह और दहेज प्रथा के विरोध में समाज से लेकर संसद तक अपनी आवाज उठाई। मिनीमाता मजदूरों के हितों और नारी शिक्षा के प्रति भी जागरुक और सहयोगी रहीं।

श्री साय ने कहा कि समाज एवं महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिनीमाता के नाम पर राज्य सरकार द्वारा राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता का सेवाभावी व्यक्तित्व हम सभी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

Related Posts