पीएम मोदी ने बांग्लादेश के नए मुखिया को बधाई देते हुए कहा कि भारत शांति, सुरक्षा और विकास के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है…
नईदिल्ली (ए)। बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद देश की कमान मोहम्मद युनुस ने संभाल ली है. उन्होंने अतंरिम सरकार के मुखिया के तौर पर गुरुवार को शपथ ली. बांग्लादेश के नए मुखिया को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बधाई दी है. इसके साथ ही उन्होंने हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी बात कही है।
पीएम मोदी ने कहा, “प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को उनकी नई ज़िम्मेदारी संभालने पर मेरी शुभकामनाएं. हम उम्मीद करते हैं कि जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी, जिससे हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी. भारत शांति, सुरक्षा और विकास के लिए दोनों देशों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है
बांग्लादेश में यह बदलाव उस समय हुआ है जब वहां राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है. पिछले दिनों शेख हसीना को इस्तीफा देना पड़ा और उन्हें देश भी छोड़ना पड़ा।
हसीना की सरकार को व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद गिरा दिया गया. मुख्य रूप से विवादास्पद आरक्षण का विरोध करने वाले छात्र आंदोलनों के बाद देश में जमकर बवाल काटा गया और तोड़फोड़, आगजनी और हिंदुओं को भी निशाना बनाया गया।
















