श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 248 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पूरी टीम 26.1 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाजी क्रम एक बार फिर श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने बेदम नजर आया और कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की टर्न लेती पिच पर संघर्ष करता दिखा…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भी जारी रहा और टीम को इस मैच में 110 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 248 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पूरी टीम 26.1 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाजी क्रम एक बार फिर श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने बेदम नजर आया और कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की टर्न लेती पिच पर संघर्ष करता दिखा। श्रीलंका के लिए स्पिनर दुनिथ वेलालागे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके और भारतीय पारी को लड़खड़ाने में अहम योगदान निभाया।
भारत के खिलाफ 0-3 से टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रीलंका ने वनडे प्रारूप में शानदार खेल दिखाया। दोनों टीमों के बीच पहले वनडे टाई रहने के बाद श्रीलंका ने गेंदबाजों के दम पर अगले दोनों मैच जीते। इस तरह श्रीलंका भारत से 2-0 से यह सीरीज अपने नाम करने में सफल रहा। चरिथ असलंका की अगुआई वाली श्रीलंकाई टीम के लिए यह जीत इसलिए भी अहम है क्योंकि मेजबान टीम ने भारत के खिलाफ 1997 के बाद पहली बार वनडे सीरीज जीती है। श्रीलंका ने इससे पहले अंतिम बार 1997 में अर्जुन राणातुंगा की कप्तानी में भारत को 3-0 से हराया था। तब से लगातार 11 बार भारत ने वनडे सीरीज अपने नाम की थी, लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इस रिकॉर्ड को बरकरार नहीं रख सकी और उसे 27 साल बाद श्रीलंका से वनडे सीरीज गंवानी पड़ी।















