पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें वजन ज्यादा होने की वजह से फाइनल मैच से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इस पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है…
नईदिल्ली (ए)। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें वजन ज्यादा होने की वजह से फाइनल मैच से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इस पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विनेश का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप चैंपियन की चैंपियन हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम नरेंद्र मोदी ने पोस्ट के जरिए कहा, “विनेश फोगाट, आप चैंपियंस की चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. आज का झटका दर्द देने वाला है. काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते, जो मैं फिलहाल अनुभव कर रहा हूं. मैं इसके साथ ही जानता हूं कि आप लचीलेपन का प्रतीक हैं. चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है. आप मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके पक्ष में हैं।”
मंगलवार को सेमीफाइनल मैच में जीत के बाद फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसकी जानकारी बुधवार को दी गई। भारतीय ओलंपिक संघ ने बताया ने बताया कि विनेश को वजन ज्यादा होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया है।
संघ ने कहा, “भारतीय दल को इस बात का दुख है कि महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।”
विनेश ने महिला कुश्ती की 50 किग्रा स्पर्धा के सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया था। वह ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला बनीं थीं। विनेश पहले राउंड तक 1-0 से आगे थीं। फिर आखिरी तीन मिनट में उन्होंने क्यूबा की पहलवान पर डबल लेग अटैक किया और चार पॉइंट अर्जित किए।
इस बढ़त को उन्होंने अंत तक बनाए रखा और फाइनल में जगह बनाई। विनेश का इस ओलंपिक में सफर शानदार रहा है। सेमीफाइनल से पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की लिवाच उकसाना को 7-5 से हराया था।

















