संपर्क क्रांति के दो हिस्से मे बंटने के मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर सहित दो लोगों को निलंबित कर दिया गया है. एक जांच टीम भी गठित की गई है, जो मामले की जांच करेगी…
दरभंगा (ए)। समस्तीपुर में सोमवार को दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति के दो हिस्से मे बंटने के मामले में लापरवाही बरते जाने के कारण दरभंगा में कार्यरत दोषी सीनियर सेक्शन इंजीनियर एवं एमसीएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच टीम का भी गठन कर दी गई।
दरअसल बीते सोमवार को दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन और डिब्बे दो भाग में बंट गए थे. हालांकि घटना में किसी तरह का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ. घटना पुमरे के समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेल खंड के खुदीराम बोस पूसा स्टेशन के समीप हुई थी. घटना को लेकर बताया जाता है कि 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन दरभंगा से नई दिल्ली जा रही थी. इसी दौरान खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन का कपलिंग टूट गया।
इसके बाद ट्रेन का इंजन एक बोगी के साथ आगे बढ़ गया. वहीं बाकि का डिब्बा गार्ड कोच के साथ पीछे छूट गया. ट्रेन लगभग 100 मीटर से अधिक आगे बढ़ गई. घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट की नजर पड़ी तो देखा की ट्रेन का डब्बा इंजन के बाद वाली बोगी से छुटकर पीछे है और इंजन आगे जा रहा है. लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाते हुए इंजन को रोक घटना की जानकारी स्थानीय स्टेशन के साथ रेल विभाग को दिया।
सूचना मिलने के बाद समस्तीपुर व सोनपुर रेल मंडल के कर्मी व अधिकारी मौके पर पहुंचे. जहां कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन के अलग हुए इंजन और बोगी के हिस्सों को जोड़ने में कामयाब हुए. इसके बाद ट्रेन को लगभग डेढ़ घंटे बाद आगे के लिए रवाना किया गया. इस दौरान लगभग 11: 30 बजे तक समस्तीपुर दरभंगा रेल खंड पर ट्रेन का परिचालन बाधित रहा. वही ट्रेन चार घंटे विलंब से मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंची।
इधर डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने बताया कि मामले कि उच्च स्तरीय जांच के लिए जांच टीम गठित की गई है. मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर और एमसीएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।
















