बजट के बाद आज पहली बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 112वां एपिसोड प्रसारित हुआ। पीएम मोदी ने पेरिस ओलिंपिक, मैथ्स ओलंपियाड, असम मोइदम, टाइगर डे, वनों के संरक्षण और स्वतंत्रता दिवस पर बात की…
नईदिल्ली (ए)। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने मैथ्स ओलंपियाड विजेताओं से बात की। इस साल इंग्लैंड के बाथ में 65वें इंटरनेशनल मैथ्स ओलंपियाड का आयोजन किया गया था। इसमें भारत के 6 स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। भारत ने इस ओलंपियाड में 4 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीते। मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में चार स्टूडेंट से बात की।
पीएम मोदी ने कहा कि असम मोइदम में अहोम राजवंश के टीले वाले कब्रस्तान को 26 जुलाई को यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज लिस्ट में शामिल कर लिया गया। कल्चरल कैटेगरी में शुमार मोइदम भारत की 43वीं हैरिटेज साइट है। मोइदम, अहोम राजाओं, रानियों और रईसों की कब्रें हैं। मोदी ने कहा- आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर ये क्या है। इसका नाम है पहाड़ी पर एक चमकता शहर। यह अहोम साम्राज्य का है। हेरिटेज साइट बनने के बाद यहां और अधिक पर्यटक आएंगे। भविष्य में आप भी यहां जरूर आएं। अपनी संस्कृति पर गौरव करते ही कोई देश आगे बढ़ सकता है।
पीएम ने बाघों के संरक्षण पर भी बात की। पीएम ने कहा- कल दुनिया भर में टाइगर डे मनाया जाएगा। भारत में बाघ हमारी संस्कृति का हिस्सा रहा है। हमने किस्से-कहानियां सुनी हैं। जंगल के आसपास के लोग बाघ के साथ रहते हैं। बाघों के संरक्षण के अभूतपूर्व प्रयास हो रहा है। राजस्थान में कुल्हाड़ी बंद पंचायत अभियान काफी काम कर रहा है। स्थानीय लोगों ने शपथ ली है कि कुल्हाड़ी के साथ नहीं जाएंगे, कोई पेड़ नहीं काटेंगे। इससे बाघों के लिए वातावरण तैयार हो रहा है। दुनिया के करीब 70% बाघ हमारे देश में हैं।
पीएम ने कहा कि हैंडलूम को लेकर दुनिया आकर्षित हो रही है। कई कंपनियां तो AI के माध्यम से इसे प्रमोट कर रही है। हैंडलूम की बात हो और खादी की चर्चा न हो, ये संभव नहीं है। खादी का कारोबार 400 प्रतिशत तक बढ़कर डेढ़ लाख करोड़ रुपए का हो गया है। आपके पास बहुत सारे कपड़े होंगे। आजादी के पर्व पर एक कपड़ा खादी का जरूर लें।
पीएम ने कहा- 15 अगस्त आने वाला है। हर घर तिरंगा अभियान इससे जुड़ा है। पिछले कुछ सालों से इस अभियान से अमीर-गरीब सब जुड़े हैं। लोग तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट कर रहे हैं। इसमें अब तरह-तरह के इनोवेशन होने लगे हैं। अब कार, दफ्तर में तिरंगे लगाए जाते हैं। पहले की तरह इस साल भी आप हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर तिरंग के साथ सेल्फी अपलोड करें। आप इस साल भी मुझे अपने सुझाव भेजिए। मैं ज्यादा से ज्यादा सुझावों को 15 अगस्त के संबोधन में कवर करूँगा।
उन्होंने आगे कहा, ‘ Project परी, पब्लिक आर्ट को लोकप्रिय बनाने के लिए उभरते कलाकारों को एक मंच पर लाने का बड़ा माध्यम बन रहा है. आप देखते होंगे, सड़कों के किनारे, दीवारों पर, अंडरपास में बहुत ही सुंदर पेंटिंग्स बनी हुई दिखती हैं. ये पेंटिंग्स और ये कलाकृतियां यही कलाकार बनाते हैं जो परी से जुड़े हैं. इससे जहां हमारे सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बढ़ती है वहीं हमारे कल्चर को और ज्यादा पॉपुलर बनाने में भी मदद मिलती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पिछले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में आपसे ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम की चर्चा की थी. मुझे खुशी है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं. अभी कुछ दिन पहले स्वच्छता के लिए प्रसिद्ध इंदौर में एक शानदार कार्यक्रम हुआ. यहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के दौरान एक ही दिन में 2 लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए।
‘मानस’ को लेकर जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बताया,’सरकार ने एक विशेष केंद्र खोला है, जिसका नाम है – ‘मानस’. ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में ये बहुत बड़ा कदम है. कुछ दिन पहले ही ‘मानस’ की हेल्पलाइन और पोर्टल को लॉन्च किया गया है. सरकार ने एक टोल फ्री नंबर ‘1933’ जारी किया है. इस पर कॉल करके कोई भी जरूरी सलाह ले सकता है या फिर रिहैबिलिटेशन से जुड़ी जानकारी ले सकता है।
पीएम मोदी ने कहा, ‘आपने अब तक खादी के वस्त्र नहीं खरीदे, तो इस साल से शुरू कर लें. अगस्त का महीना आ ही गया है ये आजादी मिलने का महीना है, क्रांति का महीना है. इससे बढ़िया अवसर और क्या होगा, खादी खरीदने के लिए।
मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर द्वारा किया जाता है।
मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। 30 अप्रैल 2023 को मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है। फ्रेंच, पश्तो, चाइनीज समेत इसका ब्रॉडकास्ट 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है।
















