भिलाई। गुरुवार की सुबह जामुल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की टीम के पहुंचने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। जामुल थाना क्षेत्र के लेबर कैंप में एनआईए की टीम श्रमिक नेता कलादास डहरिया के घर पहुंची है। सीआईएसएफ की मौजूदगी में श्रमिक नेता के घर पर जांच चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला रेला गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से जुड़ा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति के सदस्य व श्रमिक नेता कलादास डहरिया से पूछताछ करने एनआईए की टीम पहुंची है। जामुल थाना क्षेत्र के लेबर कैम्प में कलादास डहरिया का निवास है। कलादास डहरिया रेला एनजीओ से जुड़े हुए हैं। उक्त खबर आप सारनाथ एक्सप्रेस में पढ़ रहे है।
यह संस्था किसान, आदिवासी और मजदूरों के संगठन के लिए काम करता है। रेला एनजीओ को देशभर से फंडिंग होती है। जानकारी के अनुसार करीब पांच गाड़ियों में अलग अलग टीमें पहुंची और ताबड़तोड़ रेड की है। इस दौरान आसपास के लोगों को भी रोक दिया गया। फिलहाल इस पूरे मामले में एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम ने पैन ड्राइव, लैपटॉप और मोबाइल की जप्ती बनाकर साथ में लगाई है और श्रमिक नेता कलादास डहरिया को 01 अगस्त को एनआईए ऑफिस रांची में पूछताछ के लिए बुलाया है। एनआईए ने कलादास डहरिया से उनके आय के साधन, नक्सलियों से संबंध आदि के बारे में पुछताछ की है, एनआईए की टीम करीब साढ़े तीन घंटे उनके निवास पर रही।
















