BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

अपने दूसरे टी20 मैच में ही शतक जड़कर अभिषेक शर्मा ने तोड़े कई रिकॉर्ड, भारत ने जिम्बावे को दिया बड़ा लक्ष्य

अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे…

नईदिल्ली (ए)। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इसके साथ ही अभिषेक जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

अभिषेक ने अपनी इस शानदार पारी से कई रिकॉर्ड बनाए। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के लिए सबसे ज्यादा निजी स्कोर बनाने के अलावा उन्होंने टी20 में सबसे कम पारी में शतक जड़ने के मामले में दीपक हुड्डा को पीछे छोड़ दिया है। अभिषेक ने महज दो गेंदों पर भारत के लिए इस प्रारूप में अपना पहला शतक लगाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दीपक हुड्डा के नाम है जिन्होंने अपने तीसरे टी20 मैच में पहला शतक जड़ा था, जबकि केएल राहुल ने अपनी चौथी पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी।

अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में कुल आठ छक्के लगाए और इसके साथ ही एक साल में टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक इस साल अब तक 47 छक्के लगा चुके हैं, जबकि हाल ही में अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप का चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा ने 46 छक्के लगाए हैं। वहीं, अभिषेक ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की जो जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।
अभिषेक ने 46 गेंदों पर शतक जड़ा जो भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक है। भारत के लिए इस प्रारूप में कम गेंदों पर शतक जड़ने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में 35 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया था। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने श्रीलंका के खिलाफ 2023 में 45 गेंदों पर शतक लगाया था। अभिषेक के अलावा केएल राहुल ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में 46 गेंदों पर शतक पूरा किया था।
अभिषेक शर्मा ने 23 साल 307 दिन की उम्र में भारत के लिए टी20 में शतक जड़ा और वह सैकड़ा जड़ने वाले चौथे युवा भारतीय बल्लेबाज हैं। भारत के लिए सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है जिन्होंने 2023 में नेपाल के खिलाफ 21 साल 279 दिन की उम्र में इस प्रारूप में भारत के लिए शतक लगाया था। इस लिस्ट में शुभमन गिल और सुरेश रैना भी शामिल हैं। गिल ने पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 साल 146 दिन की उम्र में, जबकि रैना ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 23 साल 156 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।

Related Posts