BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज से: स्पीकर का चुनाव, नए सांसदों की शपथ ग्रहण, NEET पर हंगामे के आसार

डीएमके और टीएमसी ने पहले ही संकेत दे दिया है कि वह प्रदर्शन कर रहे छात्रों का मुद्दा संसद में उठाएंगे. भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने पर संसद में शोरगुल के आसार हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। नई सरकार बनने के बाद 18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार (24 जून) से शुरू होने जा रहा है. लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसद सोमवार सुबह संसद परिसर में जुटेंगे और एक साथ सदन की ओर मार्च करेंगे. नई सरकार बनने के बाद संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेंगे। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाएंगी. इसके बाद महताब संसद भवन पहुंचेंगे और पूर्वाह्न 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू करेंगे।

सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को संसद के निचले सदन का अस्थाई अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) नियुक्त किए जाने के कारण सत्र के दौरान लोकसभा में शोरगुल होने के आसार हैं. इसके अलवा विपक्ष महंगाई, तेज गर्मी के कारण हुई मौतें और हालिया परीक्षाओं के संचालन में हुई अनियमितताओं का मुद्दा जोरों शोरों से उठा सकती है।

केंद्र सरकार ने शुक्रवार (21 जून) को सीएसआईआर-यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द कर दी. इसके बाद एक दिन बाद ही राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) ने नीट पीजी परीक्षा को भी स्थगित कर दिया. डीएमके, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं ने पहले ही संकेत दे दिया है कि लाखों छात्र जो सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं उनका मुद्दा उठाएंगे।

सांसद भर्तृहरि महताब को अस्थाई अध्यक्ष बनाए जाने की विपक्ष ने कड़ी आलोचना की है और आरोप लगाया है कि सरकार ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के. सुरेश के दावे की अनदेखी की. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि महताब लगातार सात बार के लोकसभा सदस्य हैं, जिससे वह इस पद के लिए उपयुक्त हैं।

संसद की कार्यवाही की शुरुआत में, कुछ क्षणों के लिए मौन रखा जाएगा. इसके बाद लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह निचले सदन के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची सदन के पटल पर रखेंगे. इसके बाद, महताब लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सदन की सदस्यता की शपथ लेने का आग्रह करेंगे. इसके बाद प्रोटेम स्पीकर, राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त अध्यक्षों की समिति को शपथ दिलाएंगे जो 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होने तक सदन की कार्यवाही चलाने में उनकी सहायता करेगी।

राष्ट्रपति ने लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने में महताब की सहायता के लिए कोडिकुन्निल सुरेश (कांग्रेस), टीआर बालू (डीएमके), राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते (बीजेपी) और सुदीप बंदोपाध्याय (तृणमूल कांग्रेस) को नियुक्त किया है. अध्यक्षों की समिति के बाद प्रोटेम स्पीकर मंत्रिपरिषद के सदस्यों को लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाएंगे. ये सदस्य अपने-अपने नाम के पहले अक्षर के क्रम में अगले दो दिनों में शपथ लेंगे. लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार (26 जून) को होगा।

बीजेपी के सहयोगी दलों की ओर से भी अपने-अपने राज्यों और निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित मुद्दे उठाने की उम्मीद है. जेडीयू और टीडीपी दोनों के पास कुल 28 सांसद हैं और उन्होंने केंद्र में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिक निभाई है।

टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने सांसदों को राज्य से जुड़े मुद्दों को उठाने का निर्देश दिया है. जिसमें राजधानी अमरावती और पोलावरम परियोजना के लिए फंड की मांग भी शामिल है. रिपोर्ट के मुताबिक जेडीयू नेता ने कहा कि बिहार के सांसद भी विकास परियोजनाओं और रोजगार सृजन के लिए वित्तीय सहायता और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दे उठाएंगे।

Related Posts