भारतीय व्यापार प्रचार संगठन के चेयरमैन और एमडी प्रदीप सिंह खरोला को एनटीए के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है…
नईदिल्ली (ए)। एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। इसी के साथ उन्हें अनिवार्य वेट करने के लिए कहा गया है। बताया गया है कि हालिया परीक्षाओं में अनियमितताओं के मद्देनजर केंद्र सरकार ने यह फैसला किया है। सुबोध सिंह को अगले आदेश तक कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में ‘अनिवार्य प्रतीक्षा’ में रखा गया है। भारतीय व्यापार प्रचार संगठन के चेयरमैन और एमडी प्रदीप सिंह खरोला को एनटीए के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) को रद्द कर दिया है, जबकि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-स्नातक) में भी पेपर लीक के आरोप हैं और इसे रद्द करने की मांग की जा रही है। हालांकि, सरकार इस मामले में अभी जांच कर रही है।
सरकार ने शनिवार को एक अधिसूचना में कहा, “मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने निम्नलिखित को मंजूरी दी है. आईएएस (केएन: 85) (सेवानिवृत्त), भारत व्यापार संवर्धन संगठन के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरोला को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी, शिक्षा मंत्रालय के महानिदेशक के पद का अतिरिक्त प्रभार एक नियमित पदाधिकारी की नियुक्ति तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, सौंपा गया है।”
1985 बैच के कर्नाटक कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी खरोला 2021 में नागरिक उड्डयन सचिव के पद से सेवानिवृत हुए थे. इसके बाद मार्च 2022 में उन्हें राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (NRA) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. वर्तमान में वह आईटीपीओ के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम करे हैं. खरोला को पूर्व शिक्षा और सूचना एवं प्रसारण सचिव और वर्तमान में पीएमओ के सलाहकार अमित खरे के परिचित लोगों में बताया जाता है. खरोला केंद्र में आने से पहले कर्नाटक में कई अहम प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं।

















