बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 9 जून को पीए मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने दिल्ली पहुंची थीं। तब उन्हें पीएम मोदी ने भारत आने का निमंत्रण दिया था। इसके बाद हसीना दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंची हैं…
नईदिल्ली (ए)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंची। यहां शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। इस दौरान शेख हसीना और पीएम मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में एक-दूसरे देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
बता दें कि आज पीएम मोदी और शेख हसीना के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी। इसमें दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए कई समझौते होंगे। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर और शेख हसीना की भी बैठक हो चुकी है।
शेख हसीना अगले माह चीन के दौरे पर भी रहेंगी। ऐसे में इस दौरे से पहले उनकी भारत यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। एक ही माह में उनकी यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुई थीं। हसीना की इन भारत यात्राओं से बांग्लादेश यह संदेश भी देना चाहता है कि चीन से बढ़ती उसकी नजदीकियां दिल्ली के हितों के लिए खतरा नहीं है।
प्रधानमंत्री हसीना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगी। इसके साथ ही उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।
















