BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां हो रही हैं, जल्द राज्य के रूप में अपना भविष्य और उज्वल बनाएगा : पीएम मोदी

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पीएम मोदी के ‘युवाओं का सशक्त बनाना, जम्मू-कश्मीर में बदलाव’ कार्यक्रम को लेकर स्वागत भाषण दिया, उन्होंने कहा की तीसरी बार देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जताया है। जम्मू कश्मीर में नौजवान स्टार्ट अप और स्वरोजगार से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है…

श्रीनगर (ए)। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी गुरुवार को जम्मू कश्मीर दौरे पर पहुंचे। पीएम मोदी ने श्रीनगर में ‘युवाओं का सशक्तिकरण, जम्मू-कश्मीर में बदलाव’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान जम्मू कश्मीर को करीब 3300 करोड़ रुपये का तोहफा दिया। इसके साथ ही शासकीय सेवाओं के लिए 2000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपें। शुक्रवार को श्रीनगर के एसकेआईसीसी में योग दिवस के मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे।

पीएम मोदी का श्रीनगर में पारंपरिक तरीके के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश के लोक गीत गूंजे। एक दृश्य यह भी सामने आया जब पीएम मोदी ने स्वागत करने वाले नागरिकों का स्वागत किया। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पीएम मोदी का स्वागत किया। उपराज्यपाल ने उन्हें पारंपरिक शाल और पेपर माशी से निर्मित एक उपहार भेंट किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के साथ उनका अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने उनकी सरकार को तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है।
पीएम ने कहा कि तीन बार किसी सरकार का बनना बहुत बड़ा वैश्विक प्रभाव होता है। इससे देश को देखने का नजरिया बदलता है। इससे दूसरे देश अपने साथ भारत को प्राथमिकता देते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि जनता को लेटलतीफी अब पसंद नहीं है। अब वो परिणाम चाहती है। हमारी सरकार रिजल्ट लाकर दिखाती है। इस प्रदर्शन के आधार पर जनता ने तीसरी बार चुना है। साठ साल बाद इसी प्रदर्शन के चलते इसी भरोसे के चलते जनता ने हमारी सरकार को चुना है।

पीएम मोदी ने कहा उनकी सरकार ने सबको अधिकार और अवसर दिए हैं। महिलाओं को लाभ मिला। समाज के कमजोर तबकों की आवाज सुनी गई। पहली बार विधानसभा में एसटी समुदाय की सीटें आरक्षित की गई। पहाड़ी समुदाय, पाडरी, गड्डा ब्रहाम्ण को एसटी का आरक्षण मिला है। ओबीसी को उनके अधिकार मिले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि सबको बांटने वाली अनुच्छेद 370 की दीवार गिर चुकी है। अब सही मायने में जम्मू कश्मीर में भारत का संविधान लागू हुआ है और जिन्होंने इसे अब तक लागू नहीं हुआ है, वो इसके दोषी हैं। आज लाल चौके में शाम तक रौनक रहती हैं। अब डल झील के किनारे स्पोर्ट्स कारों का शो हुआ, जिसे पूरी दुनिया ने देखा।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वो दिन भी जल्द आएगा जम्मू कश्मीर राज्य के रूप में अपना भविष्य और उज्वल बनाएगा। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां हो रही हैं। जल्द यहां के लोग अपनी सरकार चुनेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी ने जो इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत का विजन दिया था उसे आज हम हकीकत में बदलते देख रहे हैं। पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर को करीब 3300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को शिलान्यास और शुभारंभ किया। इसके साथ ही शासकीय सेवाओं के लिए लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा।

Related Posts