BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

जीरो टेरर प्लान के माध्‍यम से कश्‍मीर घाटी में हासिल सफलताओं को जम्मू संभाग में भी दोहराएं : गृहमंत्री अमित शाह

जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है. इस मीटिंग में एनएसए अजित डोभाल भी मौजूद रहे…

 

नईदिल्ली (ए)। जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों में हुई आतंकी घटनाओं के बाद अब मोदी सरकार एक्शन मोड में आ गई है. जम्‍मू-कश्‍मीर में सुरक्षा को लेकर रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाई लेवल मीटिंग की. इस दौरान गृह मंत्री शाह ने एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे एरिया डोमिनेशन प्लान और जीरो टेरर प्लान के माध्‍यम से कश्‍मीर घाटी में हासिल सफलताओं को जम्मू संभाग में भी दोहराएं।

गृह मंत्रालय के अनुसार, रविवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय में हाई लेवल मीटिंग हुई. इस मीटिंग में अमित शाह के अलावा एनएसए अजित डोभाल भी मौजूद रहे. गृह मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मोदी सरकार नए-नए तरीकों से आतंकवादियों पर नकेल कस कर एक मिसाल कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को मिशन मोड में काम करने और समन्वित तरीके से त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. गृह मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अपने निर्णायक चरण में है।

उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं से पता चलता है कि आतंकवाद अत्यधिक संगठित आतंकवादी हिंसा से सिमट कर महज छद्म युद्ध में तब्दील हो गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि हम इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम करना, कमजोर इलाकों की पहचान करना और ऐसे इलाकों की सुरक्षा चिंताओं का समाधान करना है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत सरकार के प्रयासों से कश्मीर घाटी में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी के साथ बहुत अच्छे सकारात्मक परिणाम मिले हैं. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार कश्मीर घाटी में पर्यटकों की रिकॉर्ड तादात से झलकता है।

Related Posts