भारतीय टीम न्यूयॉर्क से 1850 किमी की यात्रा करके फ्लोरिडा पहुंची है और उम्मीद है कि शहर बदलने के साथ कोहली का भाग्य भी बदलेगा…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप में ग्रुप-ए के अपने अंतिम मुकाबले में आज शनिवार को कनाडा का सामना करना है। भारत पहले ही लगातार तीन मैच जीतकर सुपर आठ में जगह बना चुका है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला फ्लोरिडा में खेला जाएगा। इस मैच में सभी की नजरें विराट कोहली पर रहेंगी जो कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने उतर रहे हैं, लेकिन तीनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। मैच रात आठ बजे से शुरू होगा।
आईपीएल में रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 700 से अधिक रन बनाने के बाद कोहली टी20 विश्व कप में आए थे लेकिन शुरुआती मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। वह अब अब तीन मैच में 1.66 के औसत से पांच ही रन बना पाए हैं जिसमें अमेरिका के खिलाफ पहली गेंद पर खाता खोले बिना आउट होना भी शामिल है। उम्मीद है कि वह एक बार फिर आईसीसी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेंगे जो 13 साल बाद भारत के लिए एक और आईसीसी खिताब जीतने का उनका संभवत: आखिरी मौका है।
भारतीय टीम न्यूयॉर्क से 1850 किमी की यात्रा करके फ्लोरिडा पहुंची है और उम्मीद है कि शहर बदलने के साथ कोहली का भाग्य भी बदलेगा। ब्रोवार्ड काउंटी स्टेडियम की पिच से गेंदबाजों को शायद न्यूयॉर्क जितनी मदद नहीं मिले जहां की पिच पर असमान उछाल था और धीमा आउटफील्ड के कारण क्रिकेट से अधिक मैदान और पिच की चर्चा हो रही थी। कोहली के ऊपर से हालांकि इस तथ्य से दबाव कुछ कम होगा कि उनके खराब प्रदर्शन का असर टीम के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कर रहे कोहली के जल्दी आउट होने से हालांकि टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल रही और बाद में आने वाले बल्लेबाजों पर दबाव बन रहा है।
कनाडाः आरोन जॉनसन, नवनीत धालीवाल, परगट सिंह, दिलप्रीत बाजवा, निकोलस किरटॉन, श्रेयस मोवा (विकेटकीपर), डिल्लों हेलीगर, साद बिन जफर (कप्तान), कलीम सना, जुनैद सिद्धिकी, जेरेमी गॉर्डन















