दुर्ग। जिले में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 जून 2024 को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाएगा। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि प्रत्येक नागरिक अपनी स्वेच्छा अनुरूप रक्तदान करें। ताकि आपके द्वारा दिये गये रक्तदान से कई लोगों की जान बचाया जा सके। भारत में सालाना 01 करोड़ युनिट रक्त की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन उसकी उपलब्धता 75 लाख युनिट है, 25 लाख युनिट ब्लड की कमी से हर साल सैकड़ों लोगों की जान चली जाती है।
ब्लड डोनेट करके न सिर्फ आप दूसरों की जान बचा सकते है, बल्कि अपने स्वास्थ्य को सुधार भी कर सकते है। आपके 01 युनिट रक्तदान से जरूरतमंद किसी एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उल्लेखनीय है कि 14 जून 2024 को विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल दुर्ग एवं समस्त निजी ब्लड बैंकों में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी नागरिक अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर अपनी नागरिकता और सामाजिक सद्भावना का परिचय देने एवं पुनीत कार्य करने के लिये आगे आयें।
मदिरा दुकानों के लिए भवन किराये हेतु 26 जून तक निविदा आमंत्रित: दुर्ग जिले की देशी कंम्पोजिट/विदेशी/प्रीमियम मदिरा दुकानों के लिये भवन किराये पर लिये जाने हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। मदिरा दुकानों की जानकारी एवं निविदा शर्तें/फार्म कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला-दुर्ग (उप महाप्रबंधक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पाेरेशन लिमिटेड, दुर्ग) से 26 जून 2024 तक समस्त कार्यालयीन दिवसों में प्राप्त की जा सकती है। निविदा 26 जून 2024 को अपरान्ह 3 बजे तक कार्यालय में जमा होगी। इसी तिथि को शाम 4 बजे खोली जायेगी।
चुनाव प्रक्रिया समाप्ति उपरांत राजस्व प्रकरणों के निपटारे में आई है तेजी: जिले में लोकसभा निर्वाचन की प्रक्रिया समाप्ति पश्चात् राजस्व प्रकरणों के निपटारे में तेजी आई है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा राजस्व प्रकरणों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर प्रकरणों का निराकरण समय सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए है। जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा राजस्व न्यायालयों में नामांतरण, बटवारा, डायवर्सन एवं सीमांकन तथा लोक सेवा से प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार समय सीमा के भीतर निराकरण किया जा रहा है। जिसके फलस्वरूप समय-सीमा के बाहर के प्रकरणों की संख्या कम हुई है।
एक हिन्दी दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के संबंध में अवगत कराया गया है कि आदर्श आचरण संहिता समाप्ति की तिथि 6 जून 2024 की स्थिति में नामांतरण, बटवारा, डायवर्सन एवं सीमांकन के कुल लंबित प्रकरण 8590 थे। जिसमें से केवल 373 प्रकरण समय सीमा के बाहर थे।
वर्तमान स्थिति में कुल लंबित प्रकरण 8403 है। जिसमें से समय सीमा के बाहर केवल 134 प्रकरण है। शेष प्रकरण समय सीमा के भीतर के है। जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर क्रमशः प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। इससे आवेदकों की किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
















